नयी दिल्ली, 10 मार्च (भाषा) पश्चिम एशिया संकट, विशेष रूप से ऊर्जा आपूर्ति के मुद्दे पर उत्पन्न स्थिति से निपटने के लिए राजनयिक प्रयासों को तेज करते हुए विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को जर्मनी और दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्रियों से बात की।
ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को लगभग अवरुद्ध करने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में भारी उछाल आया है।
जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल से बातचीत के बाद, जयशंकर ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर चर्चा हुई।
जयशंकर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल से पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’
जयशंकर ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि उन्होंने दक्षिण कोरिया के विदेश मंत्री चो ह्यून के साथ पश्चिम एशिया की स्थिति पर चर्चा की, जिसमें ऊर्जा क्षेत्र पर इसके प्रभावों पर भी बात हुई।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने द्विपक्षीय एजेंडे को आगे बढ़ाने पर चर्चा की। साथ ही पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी बात हुई, जिसमें ऊर्जा संबंधी मुद्दे शामिल रहे।’’
भाषा शफीक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.