मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) जहान कपूर, शालिनी पांडे और स्वानंद किरकिरे अभिनीत हिंदी सीरीज ‘बैंड वाले’ का प्रीमियर 13 फरवरी को प्राइम वीडियो पर होगा।
यह सीरीज अंकुर तिवारी और स्वानंद किरकिरे ने तैयार की तथा लिखी है, जिसका निर्देशन अक्षत वर्मा एवं अंकुर तिवारी ने किया है।
इसका निर्माण ओएमएल एंटरटेनमेंट के बैनर तले किया गया।
रतलाम की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘बैंड वाले’ की कहानी मरियम नामक एक कवयित्री के इर्द-गिर्द घूमती है, जो स्वतंत्रता और आत्म-पहचान की तलाश में गुमनाम रूप से अपनी कविताएं ऑनलाइन साझा करना शुरू करती है। कौसर मुनीर द्वारा रचित ये कविताएं उसके अंतर्मन की अभिव्यक्ति बन जाती हैं और उन भावनाओं को आवाज़ देती हैं जिन्हें वह अन्यथा व्यक्त करने में असमर्थ रहती है।
आशीष विद्यार्थी, अनुपमा कुमार और संजना दीपू ने इस सीरीज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई हैं।
अभिनेता, सह-निर्माता और सह-लेखक किरकिरे ने कहा, ‘‘‘ बैंड वाले’ एक ऐसी कहानी है जो रोजमर्रा की जिंदगी के अनुभवों से निकली है, जहां व्यक्ति द्वारा अपनी वास्तविकता को बनाये रखने के लिए अभिव्यक्ति, झिझक और शांत साहस को दिखाया गया है।’’
भाषा यासिर राजकुमार
राजकुमार
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
