scorecardresearch
Monday, 2 March, 2026
होमदेशपता नहीं चल रहा है कि राजग का नेतृत्व कौन कर रहा है : स्टालिन

पता नहीं चल रहा है कि राजग का नेतृत्व कौन कर रहा है : स्टालिन

Text Size:

(फाइल फोटो के साथ)

चेन्नई, दो मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने सोमवार को दावा किया कि राज्य में यह पता नहीं चल पा रहा है कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का नेतृत्व कौन कर रहा है, क्योंकि ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (अन्नाद्रमुक) और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दोनों ही अलग-अलग बयान दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने एक मार्च को मदुरै में राजग की रैली में प्रधानमंत्री द्वारा दिये गये भाषण को निशाना बनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने राजग सरकार बनाने की बात कही, जबकि राज्य में राजग का नेतृत्व करने का दावा कर रहे अन्नाद्रमुक महासचिव एडप्पाडी के पलानीस्वामी इस बात पर जोर दे रहे हैं कि अन्नाद्रमुक सरकार बनाएगी।

स्टालिन ने यहां ‘द वीक तमिलनाडु लीडरशिप समिट’ में कहा,‘‘पलानीस्वामी के मंचासीन रहने के दौरान, प्रधानमंत्री ने राजग सरकार बनाने की बात कही। जान पड़ रहा है कि यह एक ऐसा गठबंधन है जिसे खुद भी नहीं पता कि किसका नेतृत्व कौन कर रहा है। यही वजह है कि जब मैंने अपना चुनावी अभियान शुरू किया था, तब मैंने कहा था कि आगामी चुनाव राजग बनाम तमिलनाडु होगा।’’

उन्होंने कहा कि लेकिन कुछ लोगों ने तमिलनाडु में चुनावी लड़ाई को तमिलनाडु (सत्तारूढ़ द्रमुक) और राजग के बीच का मुकाबला बताने को लेकर उनकी आलोचना की।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘जब भी प्रधानमंत्री या गृह मंत्री अमित शाह राज्य का दौरा करते हैं, वे मेरी बात की पुष्टि कर देते हैं: तमिलनाडु टीम बनाम दिल्ली टीम। तमिलनाडु निश्चित रूप से जीतेगा और द्रविड़ मॉडल 2.0 सरकार बनेगी। तब हम अपना ही रिकॉर्ड तोड़ देंगे।”

मोदी के इस आरोप का कि द्रमुक सरकार ने मदुरवॉयल एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजना में देरी की, स्टालिन ने खंडन करते हुए कहा कि इस परियोजना का विरोध भाजपा की सहयोगी अन्नाद्रमुक ने किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘हमने केंद्र सरकार से इस मामले पर बात की और परियोजना शुरू करवाई। अब काम चल रहा है।’’

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments