scorecardresearch
Tuesday, 3 March, 2026
होमदेशइंटक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता वी डी सतीसन के खिलाफ किया प्रदर्शन

इंटक कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता वी डी सतीसन के खिलाफ किया प्रदर्शन

Text Size:

कोट्टायम (केरल), एक अप्रैल (भाषा) कांग्रेस पार्टी की श्रमिक संघ इकाई ‘इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस’ (इंटक) ने शुक्रवार को विपक्ष के नेता वी. डी. सतीसन के खिलाफ यहां के निकट चंगनास्सेरी शहर में एक विरोध मार्च निकाला। सतीसन ने हाल में एक टिप्पणी की थी कि ट्रेड यूनियन उनकी पार्टी से जुड़ा संगठन नहीं है।

इंटक के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विरोध मार्च निकाला और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के खिलाफ नारेबाजी की और उनसे माफी मांगने और अपना बयान वापस लेने को कहा।

सतीसन ने बुधवार को यहां एक निजी टेलीविजन चैनल के खिलाफ विरोध करने संबंधी उसके फैसले पर ट्रेड यूनियन को आड़े हाथों लिया था। निजी चैनल के एक प्रस्तोता ने वाम ट्रेड यूनियन नेता एवं राज्यसभा सदस्य, एलाराम करीम के खिलाफ कुछ कथित अपमानजनक टिप्पणी की थी।

सतीसन ने कहा था कि मीडिया हर रोज राजनीतिक नेताओं की आलोचना करता है और उन्हें ऐसा करने का अधिकार है। उन्होंने कहा था, ‘‘हम सभी को हर रोज बहुत आलोचना का सामना करना पड़ता है और ऐसी आलोचनाओं के खिलाफ चैनल कार्यालयों या मीडिया घरानों पर विरोध मार्च को स्वीकार नहीं किया जा सकता है।’’

जब यह बताया गया कि इंटक ने विरोध मार्च का आयोजन किया था, तो सतीसन ने कहा कि ‘‘इंटक कांग्रेस पार्टी से जुड़ा संगठन (फीडर ऑर्गेनाइजेशन) नहीं है, बल्कि कांग्रेस से जुड़े लोगों के साथ एक संगठन है।’’

राज्यभर के इंटक सदस्यों ने सतीसन की टिप्पणी की निंदा की।

इंटक कार्यकर्ताओं ने मीडिया से कहा, ‘‘हम चाहते हैं कि सतीसन माफी मांगें और अपना बयान वापस लें। चाहे चुनावी काम हो या कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक रैली, इंटक के कार्यकर्ता पार्टी के लिए काम करने के लिए सड़कों पर उतरे हैं।’’

इंटक कार्यकर्ताओं के विरोध पर सतीसन ने अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

भाषा

देवेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments