scorecardresearch
Wednesday, 8 April, 2026
होमदेशआपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश

आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश

Text Size:

चंडीगढ़, दो जून (भाषा) हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) शत्रुजीत कपूर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और आपातकालीन प्रतिक्रिया वाहनों (ईआरवी) की परिचालन दक्षता बढ़ाने के निर्देश दिए।

कपूर ने कहा कि ईआरवी हरियाणा पुलिस का “चेहरा” हैं, जिनकी मुख्य जिम्मेदारी किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तुरंत प्रतिक्रिया देना और प्रभावी कार्रवाई करना है।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, बैठक के दौरान अधिकारियों ने बताया कि राज्यभर में ईआरवी पर लगभग 4,000 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।

बयान के अनुसार, डीजीपी कपूर ने निर्देश दिया कि पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को ईआरवी परिचालन का ऑडिट सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि प्रणाली में मौजूद खामियों को दूर किया जा सके और संबंधित पुलिस कर्मियों की जवाबदेही तय की जा सके।

बयान में कहा गया है कि डीजीपी ने इस बात पर जोर दिया कि ईआरवी परिचालन का तकनीकी ऑडिट जरूरी है और इस बाबत उन्नत कंप्यूटिंग विकास केंद्र (सी-डैक) से तकनीकी सहायता ली जा सकती है।

इसमें कहा गया है कि कपूर ने वरिष्ठ अधिकारियों को ईआरवी का नियमित निरीक्षण करने और प्रतिक्रिया समय, घटनास्थल पर पहुंचने के समय तथा उसके बाद कार्रवाई करने के समय जैसे प्रमुख मापदंडों का आकलन करने के भी निर्देश दिए।

भाषा पारुल माधव

माधव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments