scorecardresearch
रविवार, 18 मई, 2025
होमदेशभारत का सैन्य प्रभुत्व आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन मॉडल का परिणाम है: फडणवीस

भारत का सैन्य प्रभुत्व आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन मॉडल का परिणाम है: फडणवीस

Text Size:

मुंबई, 18 मई (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि भारत के पास सर्वश्रेष्ठ रक्षा क्षमताएं हैं और देश का सैन्य प्रभुत्व 2014 में शुरू किए गए आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन मॉडल का परिणाम है।

फडणवीस ने नागपुर जिले के खापरखेडा गांव में ‘तिरंगा यात्रा’ के बाद पत्रकारों से कहा कि दुनिया को भी अब यह एहसास हो गया है कि भारत के पास सबसे अच्छी रक्षा प्रौद्योगिकी है।

फडणवीस ने कहा, ‘भारत विश्व स्तर पर शीर्ष पांच सशस्त्र बलों में शुमार है। दुनिया ने स्वीकार किया है कि हमारे पास सर्वोत्तम रक्षा क्षमताएं हैं। हमारी रक्षा क्षमता पाकिस्तान से पांच गुना अधिक है।’

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक भारतीय सशस्त्र बलों के जवानों और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पीछे मजबूती से खड़ा है।

उन्होंने कहा, ‘यह यात्रा किसी एक राजनीतिक दल के लिए नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के समर्थन में एकता का प्रदर्शन है।’

भारत द्वारा किए गए सटीक हमलों में पाकिस्तानी बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचने की बात पाकिस्तान द्वारा हाल में स्वीकार किए जाने पर फडणवीस ने कहा, ‘जब हमने कार्रवाई की तो उन्हें होश आया, उन्होंने संघर्ष रोकने के लिए बातचीत की और हमारे सामने घुटने टेक दिए। यह गर्व का क्षण है। हमारा सैन्य प्रभुत्व 2014 में शुरू किए गए आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन मॉडल का प्रत्यक्ष परिणाम है जिसका कभी मजाक उड़ाया जाता था लेकिन अब विश्व स्तर पर सम्मान किया जाता है।’

मोदी सरकार द्वारा रक्षा क्षेत्र में शुरू की गई ‘मेक इन इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहलों ने रक्षा उपकरणों के स्वदेशी डिजाइन, विकास और निर्माण पर ध्यान केंद्रित किया है।

फडणवीस ने कहा कि भारतीय रक्षा उपकरणों की वैश्विक मांग देश के बढ़ते कद का प्रमाण है।

उन्होंने दावा किया, ‘‘दुनिया को अब यह एहसास हो गया है कि भारत के पास सर्वोत्तम रक्षा प्रौद्योगिकी है। यही कारण है कि अन्य देश हमें ऑर्डर दे रहे हैं।’’

पाकिस्तान को तुर्किये के समर्थन की कड़ी आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैं भारतीयों को उस देश का बहिष्कार करने के लिए बधाई देता हूं जो आतंकवाद और मानवता के खिलाफ अपराधों के साथ खड़ा है। तुर्किये को अब भारतीय नागरिकों की शक्ति का एहसास हो गया है।’

देवेंद्र फडणवीस ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद विदेश भेजे वाले प्रतिनिधिमंडलों में सांसदों के चयन की आलोचना करने वालों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘कुछ लोग हर मुद्दे का राजनीतिकरण करते हैं। उनका न देश से कोई सरोकार है, न समाज से। उनकी नकारात्मक राजनीति ही अंततः उनके राजनीतिक जीवन का अंत करेगी।’

फडणवीस ने कांग्रेस की ‘जय हिंद रैली’ पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘एक तरफ राहुल गांधी भारतीय सेना पर सवाल उठाते हैं और दूसरी ओर कांग्रेस देशभक्ति की रैली निकालती है। राष्ट्रहित के मामलों को राजनीति से दूर रखना चाहिए।’

भाषा योगेश सिम्मी

सिम्मी

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments