scorecardresearch
Tuesday, 3 February, 2026
होमदेशभारत-अमेरिका व्यापार समझौता अर्थव्यवस्था को नयी गति देगा: भाजपा अध्यक्ष

भारत-अमेरिका व्यापार समझौता अर्थव्यवस्था को नयी गति देगा: भाजपा अध्यक्ष

Text Size:

नयी दिल्ली, तीन फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारतीय अर्थव्यवस्था को नया बल मिलेगा और विकसित देश का दर्जा हासिल करने के लक्ष्य को नयी गति मिलेगी।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बातचीत के बाद कहा कि भारत और अमेरिका के बीच एक व्यापार समझौते पर सहमति बन गई है, जिसके तहत अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर लगने वाला जवाबी शुल्क मौजूदा 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत करेगा।

व्यापार समझौते की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज अपने प्रिय मित्र राष्ट्रपति ट्रंप से बात करके बहुत अच्छा लगा। इस बात की खुशी है कि अब ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों पर शुल्क घटकर 18 फीसदी रह जाएगा। इस शानदार घोषणा के लिए भारत की 1.4 अरब जनता की ओर से राष्ट्रपति ट्रंप को हार्दिक धन्यवाद।’’

समझौते की घोषणा के बाद नवीन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘भारत-अमेरिका संबंधों में हुई यह नयी प्रगति अभिनंदनीय है। प्रधानमंत्री को बधाई। उनके कुशल नेतृत्व में भारत में युवाओं के लिए नित नए अवसरों के द्वार खुल रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘भारत और अमेरिका यानी दुनिया के दो सशक्त लोकतंत्रों के बीच प्रगाढ़ होते संबंधों का प्रभाव बहुत ही सकारात्मक और दूरगामी होने वाला है।’’

नवीन ने कहा, ‘‘यह निर्णय भारतीय अर्थव्यवस्था की प्रगति को नयी गति देने का माध्यम बनेगा। इससे आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया अभियान को भी नयी ऊर्जा मिलेगी।’’

भाषा सिम्मी गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments