नयी दिल्ली, 29 जनवरी (भाषा) भारत समेत लगभग 10 देशों ने क्षेत्रीय सहयोग के व्यापक उद्देश्य के साथ सोमवार को काबुल में तालिबान द्वारा आयोजित एक सम्मेलन में भाग लिया। यह जानकारी अफगान मीडिया से मिली।
क्षेत्रीय सहयोग पहल बैठक को तालिबान शासन के कार्यवाहक विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी ने संबोधित किया।
भारत ने अभी तक तालिबान के शासन को मान्यता नहीं दी है और वह काबुल में वास्तव में समावेशी सरकार के गठन की वकालत करता रहा है।
अफगानिस्तान की खामा प्रेस समाचार एजेंसी ने बताया कि इसमें भाग लेने वाले देशों में भारत, कजाखस्तान, तुर्की, रूस, चीन, ईरान, पाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, इंडोनेशिया और किर्गिस्तान शामिल थे।
तालिबान के विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है कि मुत्ताकी ने इस बात पर जोर दिया कि इन देशों को अफगानिस्तान के साथ सकारात्मक बातचीत बढ़ाने और जारी रखने के लिए क्षेत्रीय बातचीत करनी चाहिए।
भारतीय अधिकारियों की ओर से बैठक के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया।
भाषा अमित गोला
गोला
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
