scorecardresearch
Monday, 16 March, 2026
होमदेशभारत अमेरिका का 'गुलाम' बन गया है: माकपा

भारत अमेरिका का ‘गुलाम’ बन गया है: माकपा

Text Size:

तिरुवनंतपुरम, 13 मार्च (भाषा) मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव एम वी गोविंदन ने शुक्रवार को दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की नीतियों के कारण भारत ऐसी स्थिति में है, जहां अमेरिका यह तय करता है कि उसे आवश्यक वस्तुओं का आयात कहां से करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि देश अमेरिका का ‘गुलाम’ या ‘जूनियर पार्टनर’ बन गया है।

गोविंदन ने यहां संवाददाता सम्मेलन में ये टिप्पणियां कीं। उन्होंने एलपीजी आपूर्ति की कमी का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान के साथ अमेरिका-इजराइल युद्ध ने ‘हमारी रसोई को प्रभावित किया है।’’

माकपा के राज्य सचिव ने कहा कि भाजपा शासित केंद्र सरकार साम्राज्यवाद समर्थक रुख अपना रही है और ऐसे निर्णय ले रही है, जो केरल की कृषि अर्थव्यवस्था के लिए हानिकारक हैं।

उन्होंने कहा, ‘इस तरह के साम्राज्यवादी नीतिगत फैसलों के खिलाफ कड़ा विरोध होना चाहिए।’

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध का जिक्र करते हुए गोविंदन ने कहा कि इससे एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित करना होगा कि गैस सिलेंडर की कमी से स्कूल, अस्पताल, अनाथालय, वृद्धाश्रम आदि प्रभावित न हों और इसके लिए ऊर्जा के वैकल्पिक साधनों की तलाश करनी होगी।

उन्होंने कहा कि कुछ श्मशान घाटों का कामकाज प्रभावित हुआ है और वहां ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों को सुनिश्चित करने की आवश्यकता है।

गोविंदन ने तर्क दिया, ‘केंद्र सरकार की दीर्घकालिक योजना की कमी ने इस स्थिति को जन्म दिया है। देश में संकट के बावजूद, केंद्र ने निष्क्रियता की नीति अपनाई है। वह दावा कर रही है कि सब कुछ ठीक है और कोई संकट नहीं है।’

उन्होंने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में एक दिन पहले हुई उच्च स्तरीय बैठक का भी जिक्र किया, जिसमें राज्य में गैर-घरेलू जरूरतों के लिए गैस सिलेंडरों की कमी को दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाने पर चर्चा हुई थी।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments