नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) भारतीय सेना ने सोमवार को कहा कि उसने भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली सेना को 50 सैन्य उपयोग वाहन सौंपे हैं, जो दोनों सेनाओं के बीच “अटूट बंधन” को रेखांकित करता है।
भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में इस घटनाक्रम से जुड़ी कुछ तस्वीरें भी साझा कीं। उसने लिखा, “रक्षा सहयोग। भारतीय सेना ने भारत-नेपाल सीमा पर नेपाली सेना को 50 सैन्य वाहन सौंपे। नेपाल में भारत के राजदूत काठमांडू में एक समारोह के दौरान इन वाहनों को औपचारिक रूप से सौपेंगे।”
पोस्ट में कहा गया है कि यह पहल नेपाली सेना में क्षमता निर्माण से जुड़े प्रयासों को बढ़ावा देने की भारतीय सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाती है और दोनों सेनाओं के बीच मौजूद “दोस्ती, विश्वास और घनिष्ठ सहयोग के अटूट बंधन को रेखांकित करती है।”
भारतीय सेना ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में म्यांमा की सेना के साथ अपने सहयोग का जिक्र किया।
सेना ने कहा, “मित्र देशों के साथ रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाते हुए, सिम्युलेटर विकास प्रभाग से भारतीय सेना की मोबाइल प्रशिक्षण टीम ने बाहतू में ‘म्यांमा आर्मी कॉम्बैट फोर्सेज स्कूल’ में 12-लेन वाला पैदल सेना हथियार प्रशिक्षण सिम्युलेटर स्थापित किया है।”
हथियार प्रशिक्षण सिम्युलेटर एक ‘रियल टाइम’ या ‘वर्चुअल रियल्टी’ आधारित प्रशिक्षण प्रणाली होती है, जो वास्तविक जीवन की प्रक्रियाओं की नकल कर उपयोगकर्ताओं को एक सुरक्षित, नियंत्रित वातावरण में सैन्य कौशल विकसित करने, अनुभव हासिल करने और आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास करने की सुविधा देती है।
सेना ने कहा, “म्यांमा की सेना के कर्मियों को सिस्टम के संचालन, परिदृश्य निष्पादन और तकनीकी रखरखाव के बारे में व्यापक प्रशिक्षण दिया गया।”
भाषा पारुल प्रशांत
प्रशांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
