नयी दिल्ली, 27 जनवरी (भाषा) भारत और मिस्र के बीच सांस्कृतिक सहयोग को लेकर हुए समझौते के तहत दोनों देशों में संगीत, नृत्य, रंगमंच, पुस्तकालय और शोध एवं प्रलेखन संबंधी कई गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि निरंतर सांस्कृतिक सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर पांच साल की अवधि के लिए हस्ताक्षर किए गए हैं।
एमओयू पर 25 जनवरी को केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी और मिस्र के विदेश मंत्री सामेह हसन शौकरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए और इसका आदान-प्रदान किया।
बयान में कहा गया, ‘‘दोनों देश संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्य, पुस्तकालय, संबंधित देशों में त्योहारों के आयोजन और अनुसंधान एवं प्रलेखन आदि के क्षेत्र में आने वाले समय में होने वाली सांस्कृतिक गतिविधियों की मेजबानी करने के लिए उत्सुक हैं।’
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होने से दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक संबंध और मजबूत होंगे।
रेड्डी ने भारत के 74वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी और मिस्र के राष्ट्रपति सिसी की अध्यक्षता में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता में भी भाग लिया था।
भाषा सुरेश नेत्रपाल
नेत्रपाल
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
