scorecardresearch
Saturday, 7 March, 2026
होमदेशपाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल पर भारत का टिप्पणी से इनकार

पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल पर भारत का टिप्पणी से इनकार

Text Size:

नयी दिल्ली, सात अप्रैल (भाषा) भारत ने पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल पर कोई भी टिप्पणी करने से बृहस्पतिवार को यह कहते हुए इनकार कर दिया कि यह पड़ोसी देश का ‘आंतरिक मामला’ है। भारत ने, हालांकि यह भी कहा कि वह पाकिस्तान के घटनाक्रम पर नजर जमाए हुए है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, ‘‘यह उनका (पाकिस्तान का) ‘आंतरिक मामला है। मुझे उस पर कोई टिप्पणी नहीं करनी है। हम इस पर नजरें जमाए हुए हैं, लेकिन हम (किसी भी देश के) आंतरिक मामलों पर टिप्पणी नहीं करते।’’

एक मीडिया ब्रीफिंग में उनसे पाकिस्तान के राजनीतिक घटनाक्रमों पर प्रतिक्रिया देने को कहा गया था।

नेशनल असेंबली में प्रधानमंत्री इमरान खान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को उपाध्यक्ष द्वारा खारिज कर दिये जाने के बाद पाकिस्तान में राजनीतिक उथल-पुथल शुरू हो गयी थी।

उसके उपरांत पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी ने देश में आम चुनाव का मार्ग प्रशस्त करने के लिए असेंबली भंग कर दी थी।

पाकिस्तान के विपक्षी दलों ने उपाध्यक्ष के असेंबली भंग करने के फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी है।

भाषा

सुरेश नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments