नयी दिल्ली, 24 फरवरी (भाषा) भारत और इजराइल ने आतंकवाद को ‘‘कतई बर्दाश्त नहीं’’ करने की नीति दोहराते हुए इस खतरे से निपटने के लिए द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने का मंगलवार को संकल्प लिया।
दोनों देशों ने सूचना साझा करने समेत विभिन्न माध्यमों से आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया।
दोनों पक्षों ने नयी दिल्ली में आयोजित आतंकवाद-रोधी संयुक्त कार्य समूह की बैठक में आतंकवाद की चुनौती से प्रभावी ढंग से निपटने के उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।
आतंकवाद से निपटने के लिए सहयोग के विस्तार का यह नया संकल्प प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दो-दिवसीय इज़राइल यात्रा से एक दिन पहले सामने आया है।
बैठक में भारत और इजराइल ने इस बात पर जोर दिया कि आतंकवाद का सामना करने के लिए ‘‘निरंतर और व्यापक तरीके’’ से समन्वित कार्रवाई आवश्यक है।
भारत-इजराइल के संयुक्त बयान में कहा गया, ‘‘इस पृष्ठभूमि में दोनों पक्षों ने आतंकवाद-रोधी क्षेत्र में बहुपक्षीय सहयोग को सुदृढ़ करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई, जिसमें संयुक्त राष्ट्र, वित्तीय कार्रवाई कार्यबल (एफएटीएफ) और अन्य बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग शामिल है।’’
भाषा शोभना सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
