तिरूवनंतपुरम, 21 जून (भाषा) केरल में 12वीं की परीक्षा के परिणाम मंगलवार को घोषित किये गये जिसमें 3,02,865 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की और उच्च शिक्षा के लिये उनका मार्ग प्रशस्त हो गया । इस परीक्षा का आयोजन मार्च में केरल उच्चतर माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने किया था ।
सामान्य शिक्षा मंत्री वी सिवनकुट्टी ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में परीक्षा परिणामों की घोषणा की ।
उन्होंने कहा, ‘‘इन परीक्षाओं में कुल 3,61,091 उम्मीदवार बैठे थे और इनमें से 3,02,865 अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की है जिससे उच्च शिक्षा में जाने के लिये उनका मार्ग प्रशस्त हो गया है।’’
उन्होंने बताया कि उत्तीर्ण अभ्यर्थियों का कुल प्रतिशत 83.87 है । पिछले साल यह आंकड़ा 87.94 फीसदी था ।
सिवनकुट्टी के अनुसार, 28,450 विद्यार्थियों ने सभी विषयों में विशेष योग्यता हासिल की। उन्होंने बताया कि कोझीकोड जिले में उत्तीर्ण होने का प्रतिशत सर्वाधिक और वयनाड जिले में सबसे कम है।
भाषा
रंजन मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
