scorecardresearch
मंगलवार, 20 मई, 2025
होमदेशहिमाचल प्रदेश में मंत्री राजेश धर्माणी को तकनीकी शिक्षा, यादविंदर गोमा को खेल एवं आयुष

हिमाचल प्रदेश में मंत्री राजेश धर्माणी को तकनीकी शिक्षा, यादविंदर गोमा को खेल एवं आयुष

Text Size:

शिमला, नौ जनवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मंत्री राजेश धर्माणी और यादविंदर गोमा को सुखविंदर सिंह सुक्खू मंत्रिमंडल में शामिल किए जाने के लगभग एक महीने बाद मंगलवार को विभाग आवंटित किए गए।

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला की ओर से जारी एक अधिसूचना में कहा गया है कि पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं घुमारवीं से तीन बार के विधायक धर्माणी (51) को तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग सौंपा गया है, जबकि जयसिंहपुर से दो बार के विधायक गोमा (37) को युवा सेवाएं और खेल एवं आयुष विभाग दिया गया है।

पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह से युवा सेवाएं एवं खेल विभाग वापस ले लिया गया है।

उद्योग एवं संसदीय कार्य मंत्री हर्षवर्धन चौहान एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से क्रमशः आयुष एवं तकनीकी शिक्षा और व्यावसायिक तथा औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग ले लिया गया।

वर्ष 2022 में हुए हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 68 विधानसभा सीटों में से 40 सीटें जीतीं थी। राज्य मंत्रिमंडल में कुल 12 मंत्री हैं और एक मंत्री पद अभी खाली है।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने वित्त, सामान्य प्रशासन, गृह, योजना और कार्मिक के अलावा वे विभाग भी अपने पास रखे हैं जो किसी भी मंत्री को आवंटित नहीं किए गए हैं।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और मंत्री धनी राम शांडिल, चंद्र कुमार, जगत सिंह नेगी और अनिरुद्ध सिंह के विभागों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

भाषा अमित वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments