scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशआईएमटी-मानसर में वेतन वृद्धि को लेकर हुई हिंसा साजिश का हिस्सा : पुलिस

आईएमटी-मानसर में वेतन वृद्धि को लेकर हुई हिंसा साजिश का हिस्सा : पुलिस

Text Size:

गुरुग्राम, 12 अप्रैल (भाषा) आईएमटी-मानेसर क्षेत्र में वेतन वृद्धि को लेकर विभिन्न कंपनियों के बाहर हाल में हुई अशांति स्वत: स्फूर्त नहीं थी, बल्कि एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी और बाहरी असामाजिक तत्वों ने कर्मचारियों को दंगा करने, आगजनी करने और अराजकता फैलाने के लिए उकसाया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

गुरुग्राम पुलिस ने इस साजिश का खुलासा करते हुए सोमवार को छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जांच में सामने आया है कि ये लोग किसी भी कंपनी में कार्यरत नहीं थे, फिर भी वे श्रमिकों को हिंसा के लिए भड़का रहे थे।

पुलिस ने एक बयान में कहा कि जांच से पता चला है कि ये आरोपी हड़ताल के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल थे, जिन्होंने कंपनी की इमारतों और वाहनों में तोड़फोड़ की, आगजनी की, पुलिस पर पथराव किया और कंपनी के कर्मचारियों तथा पुलिसकर्मियों पर हमला किया।

पुलिस ने कहा कि इन आरोपियों का आईएमटी मानेसर की किसी भी कंपनी से कोई संबंध नहीं है और उन्होंने हड़ताल कर रहे श्रमिकों को बार-बार कंपनी की इमारतों में आग लगाने, तोड़फोड़ करने और पुलिस पर पथराव करने के लिए उकसाते रहे।

पुलिस ने आरोपियों से मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के व्हाट्सएप चैट से दंगे भड़काने की साजिश का खुलासा हुआ है।

अप्रैल के पहले सप्ताह से ही हजारों कर्मचारी आईएमटी-मानेसर क्षेत्र में तहसील कार्यालय के बाहर वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। कई दिनों तक शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बाद, नौ अप्रैल को अचानक कई कंपनियों के बाहर तोड़फोड़, आगजनी और दंगे की घटनाएं हुईं। पुलिस ने इलाके में शांति बहाल करने के लिए बल प्रयोग किया।

कंपनियों ने आईएमटी-मानेसर पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने बताया कि सोमवार को गिरफ्तार किए गए छह आरोपियों की पहचान रोहतक के आकाश, पौड़ी गढ़वाल के हरीश चंद, बिहार के मधुबनी जिले के पिंटू कुमार, उधम सिंह नगर के राजू सिंह, उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के श्यामबीर और हरियाणा के जिंद जिले के अजीत सिंह के रूप में हुई है।

आईएमटी-मानेसर पुलिस थाने ने विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा, तोड़फोड़ और पत्थरबाजी के संबंध में कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को 25 महिलाओं सहित 55 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर भोंडसी जेल भेज दिया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि महिलाओं सहित 44 आरोपियों को जमानत के लिए आवश्यक अर्जी जमा करने का अवसर दिया गया था, लेकिन वे जमानतदार और अन्य दस्तावेज उपलब्ध कराने में असमर्थ रहे।

भाषा

राखी दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments