scorecardresearch
Sunday, 11 October, 2026
होमदेशरांची में आईआईआईटी का छात्र छात्रावास के कमरे में मृत मिला

रांची में आईआईआईटी का छात्र छात्रावास के कमरे में मृत मिला

Text Size:

रांची, 11 अक्टूबर (भाषा) झारखंड की राजधानी रांची स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) के प्रथम वर्ष के एक छात्र का शव रविवार को छात्रावास में उसके कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात यह घटना तब सामने आई, जब छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद पाया और संस्थान के प्रशासन को इसकी सूचना दी।

मृत छात्र की पहचान बिहार के पूर्णिया जिले के निवासी आदित्य के रूप में हुई है। उसकी उम्र 19 से 20 वर्ष के बीच थी।

खेलगांव थाने के प्रभारी निर्भय कुमार ने कहा, “मृत छात्र बिहार का रहने वाला प्रथम वर्ष का छात्र था। शुरुआती जांच से पता चलता है कि उसने परीक्षा के दबाव में आत्महत्या की। परीक्षाएं आठ अक्टूबर से शुरू हुई थीं। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।”

इस घटना के बाद संस्थान परिसर में कई छात्रों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्र को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाए जाने के लिए संस्थान का प्रशासन जिम्मेदार है।

प्रथम वर्ष के छात्र वैभव ने संवाददाताओं से कहा, “यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है, क्योंकि पीड़ित उस समय जीवित था। संस्थान के अधिकारियों ने कोई जिम्मेदारी नहीं ली। उनकी एंबुलेंस का चालक नहीं था। कोई भी उसे अस्पताल ले जाने के लिए तैयार नहीं था। वार्डन ने हमें उसकी जान बचाने के लिए सीपीआर देने से रोक दिया।”

सैकड़ों छात्रों ने संस्थान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मृतक के लिए न्याय की मांग की।

भाषा रविकांत दिलीप

दिलीप

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments