scorecardresearch
Thursday, 12 March, 2026
होमदेशसपा गायों के संरक्षण को लेकर कोई प्रस्ताव दे तो जानें : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

सपा गायों के संरक्षण को लेकर कोई प्रस्ताव दे तो जानें : स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद

Text Size:

लखनऊ, 12 मार्च (भाषा) ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने बृहस्पतिवार को बताया कि उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से कहा है कि उनकी पार्टी गायों के संरक्षण के बारे में कोई प्रस्ताव लाये तभी वह उसकी नीयत को लेकर कोई राय बनाएंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि उनकी यादव से अकेले में कोई बात नहीं हुई है।

पूर्व में सपा के शासनकाल में गायों का पूर्ण संरक्षण किए जाने के अखिलेश यादव के दावे पर शंकराचार्य ने कहा, ‘‘हमने उनसे कहा है कि बंधु आप आए हैं, बहुत अच्छी बात है लेकिन जब तक गाय के बारे में आपकी पार्टी का प्रस्ताव नहीं आएगा तब तक हम क्या मानें?’’

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने एक सवाल पर कहा कि राज्य सरकार का कोई भी प्रतिनिधि अभी तक उनसे मुलाकात करने नहीं आया।

अपने घर पर बटुकों का सम्मान करने वाले उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के मुलाकात के लिए नहीं आने के सवाल पर शंकराचार्य ने कहा, ‘‘हमने कल ही कह दिया था कि हो सकता है उन्होंने घर में प्रतीक रूप से या मानसिक रूप से बटुकों का स्वागत कर लिया हो। हमारे सामने तो कोई मिलने नहीं आया।’’

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने शिकायती अंदाज में कहा कि जिन बटुकों को इसी साल जनवरी में माघ मेले में पुलिस ने लाठी मारी उनसे तो आज तक पाठक ने संवाद स्थापित किया ही नहीं, बाकी वह चाहे कितने ही बटुक बुलवाकर उनके ऊपर फूल बरसा लें, वह तो सब प्रतीक ही रहेगा।

उन्होंने यह भी दावा किया कि माघ मेला के दौरान पुलिस द्वारा उनके समर्थकों और बटुकों के साथ की गई ‘‘मारपीट’’ की कोई जांच नहीं की जा रही है।

शंकराचार्य ने कहा, ‘‘हमने कल शंख बजाकर जो ‘गौ संरक्षण युद्ध’ आरंभ किया है उसमें जो गायों को पीड़ा देने वाले हैं, उनकी खैर नहीं होगी।’’

गौ रक्षा के लिए सरकार द्वारा पहले से ही कानून बनाए जाने के सवाल पर शंकराचार्य ने कहा कि कानून बना देना अलग बात है और उसे धरातल पर उतारना अलग बात है।

भाषा सलीम शफीक

शफीक

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments