scorecardresearch
Thursday, 12 February, 2026
होमदेशआईसीजी ने भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने वाली एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया

आईसीजी ने भारतीय जलक्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने वाली एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया

Text Size:

अहमदाबाद, 15 जनवरी (भाषा) भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के निकट भारतीय जल क्षेत्र में अवैध रूप से प्रवेश करने के आरोप में एक पाकिस्तानी नौका को जब्त किया है, जिस पर चालक दल के नौ सदस्य सवार थे। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि नौका को पोरबंदर लाया जा रहा है।

गुजरात रक्षा विभाग के पीआरओ विंग कमांडर अभिषेक कुमार तिवारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘चौदह जनवरी, 2026 को अरब सागर में गश्त के दौरान एक त्वरित और सटीक अभियान में, भारतीय तटरक्षक बल के एक जहाज ने अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा के निकट भारतीय जलक्षेत्र में मछली पकड़ने वाली एक पाकिस्तानी नाव को देखा।’’

उन्होंने बताया कि चुनौती दिये जाने पर नाव पाकिस्तानी सीमा की ओर भागने का प्रयास कर रही थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, आईसीजी के जहाज ने भारतीय जलक्षेत्र में नाव को रोका और उस पर चढ़कर तलाशी ली। पाकिस्तानी नाव अल-मदीना पर चालक दल के कुल नौ सदस्य पाये गये।’’

पोस्ट में कहा गया है कि आईसीजी के एक जहाज से जोड़कर नाव को पोरबंदर ले जाया जा रहा है, ताकि संबंधित एजेंसियों द्वारा चालक दल से गहन तलाशी और संयुक्त पूछताछ की जा सके।

इसमें कहा गया है, ‘‘यह अभियान भारत की समुद्री सीमाओं को निरंतर सतर्कता और देश के समुद्री क्षेत्र में कानून प्रवर्तन के माध्यम से सुरक्षित करने के लिए आईसीजी की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।’’

भाषा

देवेंद्र सुरेश

सुरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments