गुवाहाटी, चार फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बुधवार को कहा कि वह भूमि हथियाने से जुड़े “झूठे और मनगढ़ंत” आरोप लगाने के लिए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के प्रमुख गौरव गोगोई समेत पार्टी के शीर्ष नेताओं के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे।
शर्मा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मैं आज संवाददाता सम्मेलन में मेरे बारे में दिए गए झूठे, मनगढ़ंत और मानहानिकारक बयानों के लिए नौ फरवरी को जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया के खिलाफ दीवानी और फौजदारी मानहानि कार्यवाही शुरू करुंगा।”
इससे कुछ घंटे पहले गोगोई ने यहां प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय संवाददाता सम्मेलन के दौरान शर्मा पर आरोप लगाए। संवाददाता सम्मेलन को असम विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया, ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव (असम प्रभारी) जितेंद्र सिंह और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी संबोधित किया।
गोगाई ने आरोप लगाया कि शर्मा के परिवार ने पूरे राज्य में 12 हजार बीघा (3,950 एकड़) जमीन हथियाई है।
शर्मा ने कहा, “आरोप लगाओ और भाग जाओ की राजनीति का दौर खत्म हो चुका है। अगर उनमें रत्तीभर भी साहस है या उनके पास सबूत हैं, तो अदालत के समक्ष हर एक आरोप साबित करें।”
उन्होंने कहा, “मैं दुष्प्रचार, साजिशन बदनामी, या गांधी परिवार के तथाकथित दासों की राजनीतिक नाटकबाजी से डरने वाला नहीं हूं।’
भाषा जोहेब देवेंद्र
देवेंद्र
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
