scorecardresearch
Tuesday, 28 April, 2026
होमदेशहैदराबाद में चार साल के बच्चे को तेजाब पिलाने के आरोप में महिला पर मामला दर्ज

हैदराबाद में चार साल के बच्चे को तेजाब पिलाने के आरोप में महिला पर मामला दर्ज

Text Size:

हैदराबाद, 16 अप्रैल (भाषा) हैदराबाद में एक महिला पर परिवार की दूसरी बहू के चार साल के बेटे को तेजाब पिलाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। महिला इस बात से ‘ईर्ष्याग्रस्त’ थी कि ससुराल वाले उसके बेटे के बजाय उक्त पुत्रवधू के बच्चे पर अधिक ध्यान दे रहे थे। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

आरोपी महिला और पीड़ित लड़के की मां की शादी एक ही परिवार में दो भाइयों से हुई थी। दोनों बहुएं संयुक्त परिवार में साथ रह रही थीं।

लड़के की मां ने बुधवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि आरोपी महिला ने उसके बेटे को जान से मारने के इरादे से फलों का रस पिलाने के बहाने रसोई में ले जाकर उसे तेजाब पिला दिया।

आरोपी ने लड़के को चॉकलेट देने का वादा करके ‘जूस’ पीने के लिए ललचाया।

मेडिपल्ली थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तेजाब पीने के बाद लड़का बीमार पड़ गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से बाद में उसे छुट्टी दे दी गई।

एक पुलिस अधिकारी ने जांच के आधार पर कहा कि आरोपी को इस बात से शिकायत थी कि दादा-दादी उसके बेटे की तुलना में उक्त पुत्रवधू के बेटे पर अधिक ध्यान दे रहे थे।

अधिकारी ने बताया कि महिला के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

भाषा

शुभम पवनेश

पवनेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments