scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशजबलपुर में अस्पताल में लगी आग, आठ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिए जांच के आदेश

जबलपुर में अस्पताल में लगी आग, आठ लोगों की मौत, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिए जांच के आदेश

Text Size:

जबलपुर (मप्र), एक अगस्त (भाषा) मध्य प्रदेश के जबलपुर में तीन मंजिला एक निजी अस्पताल में सोमवार दोपहर को अचानक भीषण आग लग गई, जिससे चार मरीजों सहित आठ लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य झुलस गये।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आयुक्त जबलपुर को घटना के जांच के आदेश दिए हैं।

जबलपुर के जिलाधिकारी डॉ. इलैयाराजा टी. ने बताया कि इस आग में आठ लोगों की मौत हुई है और पांच अन्य लोग झुलस गये। उनके अनुसार मृतकों में चार मरीज, अस्पताल के तीन कर्मचारी और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं, जो मरीज के साथ उसकी देखभाल करने के लिए आया हुआ था।

उन्होंने कहा कि झुलस गये लोगों में से दो की हालत गंभीर है, जिन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज जबलपुर के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

इलैयाराजा ने बताया कि आग को अब बुझा लिया गया है और 30 बिस्तर वाले इस अस्पताल से सभी लोगों को बाहर निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि जब इस अस्पताल में आग लगी थी, उस वक्त इसके अंदर करीब 20 से 25 लोग मौजूद थे।

जबलपुर के पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह आग गोहलपुर थाना क्षेत्र में दमोह नाका के पास न्यू लाइफ मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में दोपहर करीब ढाई बजे लगी।

उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्ट्या प्रतीत होता है कि शॉर्ट सर्किट के कारण यह आग लगी।

मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘जबलपुर में बहुत दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद घटना हुई है। मैं निरंतर जिला प्रशासन के संपर्क में हूं। आग पर काबू पाया जा चुका है। जो घायल हैं, उनको दूसरे अस्पताल में उपचार के लिए भेजकर बेहतर उपचार की व्यवस्था की जा रही है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैंने जबलपुर के आयुक्त को घटना के जांच के आदेश दे दिए हैं।’’

चौहान ने कहा, ‘‘हम दुर्घटना के कारणों का भी पता करेंगे और दोषियों को दंडित भी करेंगे। फिलहाल हमारी प्राथमिकता है कि जो दुर्घटना में घायल हैं, उनका समुचित उपचार हो जाये। मैं इस दुखद घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा हूं और लगातार राहत और बचाव कार्यों की जानकारी ले रहा हूं।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जायेगी। घायलों के संपूर्ण इलाज का व्यय भी सरकार वहन करेगी।’’

भाषा सं रावत रावत राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments