(फाइल फोटो के साथ)
औरंगाबाद, 27 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने सोमवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि डब्ल्यू20 इसको लेकर मार्गदर्शन कर सकता है कि महिलाओं के नेतृत्व वाले व्यवसायों को प्रोत्साहित करने के वास्ते प्रौद्योगिकी का किस तरह से लाभ उठाना है, इस बारे में प्रत्येक देश से सर्वोत्तम प्रथाओं का किस तरह से उपयोग किया जा सकता है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री ने महाराष्ट्र के औरंगाबाद में दो दिवसीय डब्ल्यू20 (महिला 20) की शुरुआती बैठक का उद्घाटन किया, जिसका आयोजन जी20 की भारत की अध्यक्षता के हिस्से के तौर पर आयोजित किया जा रहा है।
डब्ल्यू-20 जी20 के तहत एक आधिकारिक संवाद समूह है, जिसकी स्थापना वर्ष 2015 में तुर्किये की अध्यक्षता के दौरान की गई थी।
इसका मुख्य उद्देश्य जी-20 की चर्चाओं में महिलाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से शामिल करना और जी-20 के नेताओं की घोषणा में उन नीतियों और प्रतिबद्धताओं को जगह दिलाना है, जो लैंगिक समानता और महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देती हैं।
कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी के बारे में बात करते हुए, ईरानी ने कहा, ‘‘आज हमारे कृषि समाज में 10 करोड़ महिला कार्यबल हैं, जिसके तहत देश में 6,22,000 गांवों के करीब आते हैं। हमारे पास 1.7 करोड़ महिलाएं हैं जो अपना समय विशेष रूप से पशुपालन में लगा रही हैं।’’
भारत में इंटरनेट के 80 करोड़ उपयोगकर्ता हैं। क्या हम महिलाओं को केवल प्रौद्योगिकी के उपयोगकर्ता तक सीमित कर देंगे, या हम ‘‘समान हिस्सेदारी लाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाएंगे।’’
ईरानी ने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि दुनियाभर में सर्वश्रेष्ठ मस्तिष्क वाला समागत डब्ल्यू 20, हमें इसको लेकर मार्गदर्शन दे सकता है कि प्रत्येक देश की सर्वोत्तम प्रथाओं का उपयोग कैसे किया जाए जिससे हम प्रौद्योगिकी का लाभ उठाते हुए महिलाओं के नेतृत्व वाले और व्यवसाय खड़े कर सकें और कृषि समाज में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ा सकें।’’
उन्होंने कहा कि दुनिया में राजनीतिक पदों के लिए चुनी जाने वाली 30 लाख महिलाओं में से 14 लाख भारतीय हैं। मंत्री ने कहा कि मुद्रा योजना के तहत 32 करोड़ ऋण दिए गए थे, जो कोई लैंगिक आधारित वित्तीय योजना नहीं है और 23 करोड़ लाभार्थी महिला हैं।
उन्होंने जलवायु परिवर्तन पर बोलते हुए जलवायु परिवर्तन प्रभाव में महिलाओं और बच्चों की मदद करने के लिए पहली प्रतिक्रिया ढांचे की आवश्यकता व्यक्त की।
कार्यक्रम में जी20 शेरपा अमिताभ कांत, डब्ल्यू20 अध्यक्ष संध्या पुरेचा, केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे आदि मौजूद थे।
गौरतलब है कि भारत ने 12 दिसंबर 2022 को डब्ल्यू-20 इंडोनेशिया से डब्ल्यू-20 समूह की अध्यक्षता हासिल की थी।
भाषा अमित माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
