नयी दिल्ली, 25 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरना दे रहे पहलवानों से मंगलवार को मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया और कहा कि इस मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
हुड्डा ने जंतर-मंतर पहुंचकर धरना दे रहे पहलवानों से मुलाकात की। वह करीब आधे घंटे तक वहां बैठे और उनके प्रति अपना समर्थन जताया।
उन्होंने कहा, ‘‘आज ये (महिला पहलवान) हमारे सामने धरने पर बैठने के लिए क्यों मजबूर हुईं? इसकी पूरी जांच करके दोषी को दंड दिया जाना चाहिए।’’
बाद में हुड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘अफ़सोस की बात है कि जिन खिलाड़ियों को स्टेडियम में होना चाहिए, वो मजबूर होकर क्यों जंतर-मंतर पर बैठे हैं, ये गंभीर सवाल है और इसकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए। खिलाड़ियों को न्याय मिलना चाहिए। हमारा पूर्ण समर्थन खिलाड़ियों के साथ है।’’
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) की पोलित ब्यूरो की सदस्य वृंदा करात ने भी पहलवानों से मुलाकात अपना समर्थन जताया।
वह जनवरी महीने में भी पहलवानों के समर्थन में जंतर-मंतर पहुंची थीं, लेकिन उस समय उन्हें मंच से जाने के लिए कहा गया था। हालांकि, अब पहलवानों ने अपना रुख बदला है और सभी लोगों से समर्थन की अपील की है।
वृंदा करात ने कहा, ‘‘मैंने पहलवानों को बताया कि उनका सबसे पहले समर्थन किया था और यहां फिर से उनके समर्थन में आई हूं। उन्होंने मुझे जानकारी दी है कि दिल्ली पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने से इनकार कर दिया है।’’
भाषा हक हक दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.