नयी दिल्ली, 26 जनवरी (भाषा) दिग्गज संगीतकार एम. एम. कीरावानी ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान पद्म श्री के लिए खुद को चुने जाने पर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
फिल्म ‘आरआरआर’ में तेलुगु संगीतकार एम. एम. कीरावानी के गीत ‘नाटु नाटु’ ने गोल्डन ग्लोब पुरस्कार और क्रिटिक्स चॉइस अवार्ड्स (सीसीए) जीता है। गीत ऑस्कर पुरस्कार के लिए भी नामित है।
संगीतकार (61) ने इस सम्मान को अपने माता-पिता और गुरुओं को समर्पित किया।
कीरावानी ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत सरकार का नागरिक पुरस्कार मिलने की खबर से सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस अवसर पर मेरे माता-पिता और कवितापु सीताना से लेकर कुप्पला बुल्लीस्वामी नायडू तक मेरे सभी गुरुओं का शुक्रिया अदा करता हूं।’’
फिल्म ‘आरआरआर’ के निर्देशक एवं कीरावानी के रिश्ते के भाई एस. एस. राजामौली ने संगीतकार को बधाई दी।
राजामौली ने कहा, ‘‘आपके कई प्रशंसकों की तरह मुझे भी लगता है कि काफी समय पहले ही आपके काम को यह पहचान मिलनी चाहिए थी, लेकिन जैसा कि आप कहते हैं कि किसी के प्रयासों को सराहने का प्रकृति का अपना एक नायाब तरीका है। ’’
प्रसिद्ध संगीतकार मुख्य रूप से तेलुगु सिनेमा में काम करते हैं, लेकिन हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम फिल्म उद्योगों में भी उन्होंने काफी काम किया है।
भाषा निहारिका मनीषा
मनीषा
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
