scorecardresearch
Saturday, 4 April, 2026
होमदेशहिप्र : माता चिंतपूर्णी मंदिर ‘रोप-वे’ से जुड़ेगा

हिप्र : माता चिंतपूर्णी मंदिर ‘रोप-वे’ से जुड़ेगा

Text Size:

शिमला, 31 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में स्थित माता चिंतपूर्णी मंदिर के लिए 76.50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 1.1 किलोमीटर लंबे ‘रोप-वे’ का निर्माण प्रस्तावित है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक बयान में कहा गया है कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार कुछ मंदिरों तक पहुंच आसान बनाने और मौजूदा बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए उन्हें ‘रोप-वे’ से जोड़ने पर विचार कर रही है, जिनमें माता चिंतपूर्णी मंदिर भी शामिल है।

अधिकारियों ने कहा कि माता चिंतपूर्णी मंदिर का ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व है और इसे शक्ति पीठों में से एक माना जाता है।

उन्होंने कहा कि यह आधुनिक परिवहन प्रणाली दोनों ओर से प्रति घंटे 700 यात्रियों को सुविधा प्रदान करेगी।

वर्तमान में, मंदिर तक पहुंचने के लिए बाबा माई दास भवन पार्किंग क्षेत्र से एकल-मार्ग सड़क है।

बयान में कहा गया है कि नवरात्रि जैसे धार्मिक अवसरों के दौरान भीड़ लगातार समस्या बनी हुई है और ‘रोप-वे’ की शुरूआत इन चुनौतियों से निपटने में एक महत्वपूर्ण कदम होगी।

बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सालाना पांच करोड़ पर्यटकों को आकर्षित करने का लक्ष्य रखा है और इस लक्ष्य को हासिल करने में धार्मिक पर्यटन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

देवभूमि के रूप में पहचाने जाने वाले हिमाचल प्रदेश में कई ऐतिहासिक मंदिर हैं, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।

भाषा शफीक अविनाश

अविनाश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments