गुवाहाटी, नौ फरवरी (भाषा) कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष गौरव गोगोई ने सोमवार को राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा पर अपने वीडियो के जरिये मुसलमानों के खिलाफ “नरसंहार भड़काने” का आरोप लगाया और पुलिस से इस मामले में स्वत: संज्ञान लेने की अपील की।
गोगोई का परोक्ष तौर पर इशारा उस वीडियो की ओर था, जिसे अब डिलीट कर दिया गया है। वीडियो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की असम इकाई ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया था। इसमें शर्मा कथित तौर पर राइफल से निशाना साधते हुए और दो लोगों की तस्वीर पर गोली चलाते हुए दिख रहे थे, जिनमें से एक ने टोपी पहनी हुई थी और दूसरे ने दाढ़ी रखी हुई थी। कैप्शन में ‘पॉइंट-ब्लैंक शॉट’ लिखा था।
गोगोई ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “असम के मुख्यमंत्री अपने वीडियो के जरिए मुसलमानों के खिलाफ नरसंहार भड़का रहे हैं… शर्मा द्वारा एक विशेष समुदाय को निशाना बनाकर इस तरह के घृणास्पद सोशल मीडिया वीडियो साझा किए जाने के मामले में पुलिस को स्वत: संज्ञान लेना चाहिए।”
कांग्रेस सांसद गोगोई की यह टिप्पणी मुख्यमंत्री शर्मा के साथ जारी जुबानी जंग के बीच आई है। शर्मा आरोप लगा रहे हैं कि गोगोई और उनके परिवार के पाकिस्तान से संबंध हैं।
गोगोई ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा उनके नाबालिग बच्चों को इस विवाद में घसीटे जाने के मामले में वह कानूनी विकल्पों पर भी विचार करेंगे।
कांग्रेस नेता गोगोई ने दावा किया कि उनकी पत्नी 2013 में कामकाज के सिलसिले में पाकिस्तान गई थीं और उस साल दिसंबर में वह उनके साथ 10 दिन की यात्रा पर पड़ोसी देश गए थे।
गोगोई ने कहा, “एसआईटी (विशेष जांच दल) ने मुझसे 2013 में पाकिस्तान की 10 दिन की यात्रा को लेकर कभी कोई सवाल नहीं किया। असम के मुख्यमंत्री ने एसआईटी रिपोर्ट को छह महीने तक दबाकर रखा, क्योंकि उसमें मेरे पाकिस्तान से संबंध होने के उनके आरोपों को साबित करने के लिए कुछ भी नहीं है।”
भाषा अमित दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
