(तस्वीरों के साथ)
शिमला, दो अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बृहस्पतिवार को महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर यहां उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
राज्यपाल ने यहां रिज मैदान में राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत में कहा कि महात्मा गांधी ने संघर्ष और सत्याग्रह की शक्ति के माध्यम से देश को ब्रिटिश शासन से मुक्त कराया।
शुक्ल ने कहा कि महात्मा गांधी ने अपना पूरा जीवन समाज और राष्ट्र को समर्पित कर दिया और उन्हें उनके योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा।
यहां जारी एक बयान के मुताबिक, शुक्ल ने दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से सामाजिक बुराइयों को मिटाने के लिए मिलकर काम करने और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि गांधीजी ने पूरी दुनिया को सत्य और अहिंसा का मार्ग दिखाया। एक संपन्न परिवार में जन्म लेने के बावजूद, वह लोगों की गरीबी और कष्टों से बहुत प्रभावित हुए, जिसके कारण स्वतंत्रता संग्राम में शामिल हो गए।
उन्होंने कहा कि आज उनके आदर्शों और सिद्धांतों का पालन करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके बाद, राज्यपाल शुक्ल और मुख्यमंत्री सुक्खू ने केन्द्रीय टेलीग्राफ कार्यालय (सीटीओ) जाकर पूर्व प्रधानमंत्री शास्त्री को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र की प्रगति में उनके योगदान को याद किया।
भाषा धीरज सुभाष
सुभाष
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.