शिमला, 28 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 विधायकों को बुधवार को निलंबित कर दिया और फिर सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी।
संसदीय मामलों के मंत्री हर्षवर्द्धन चौहान ने विधानसभा अध्यक्ष का अपमान करने और उनके साथ दुर्व्यवहार करने के आरोप में भाजपा सदस्यों को निलंबित करने की मांग करते हुए प्रस्ताव पेश किया।
सदन द्वारा ध्वनि मत से प्रस्ताव को पारित किए जाने पर चौहान ने कहा कि सदन को सुचारू रूप से चलाने के लिए इन विधायकों को निलंबित किया जाना चाहिए।
हालांकि, भाजपा सदस्यों ने सदन से जाने से इनकार कर दिया जिसके बाद विधानसभा अध्यक्ष ने हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
निलंबित विधायकों में ठाकुर के अलावा विपिन परमार, विनोद कुमार, हंस राज, जनक राज, बलबीर वर्मा, त्रिलोक जामवाल, दीप राज, सुरेंद्र शौरी, पूरन ठाकुर, इंद्र सिंह गांधी, दिलीप ठाकुर, रणधीर शर्मा, लोकेंद्र कुमार और रणवीर सिंह हैं।
इससे पहले सुबह भाजपा की हिमाचल प्रदेश इकाई ने विधानसभा अध्यक्ष द्वारा उनके विधायकों को निलंबित और राज्यसभा चुनाव में ‘क्रॉस वोटिंग’ करने वाले कांग्रेस विधायकों को अयोग्य घोषित किये जाने की आशंका के चलते राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला से मुलाकात कर मामले में हस्तक्षेप की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर ने कहा कि मंगलवार को राज्यसभा चुनाव के नतीजों से यह स्पष्ट हो गया कि कांग्रेस सरकार अल्पमत में है और उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से इस्तीफा देने की मांग की।
ठाकुर ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘ हमें आशंका है कि विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया भाजपा विधायकों को निलंबित कर सकते हैं ताकि विधानसभा में बजट पारित किया जा सके।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ हमारी जानकारी के अनुसार, भाजपा उम्मीदवार को मत देने वाले कांग्रेस विधायकों को नोटिस जारी किए गए हैं और उनसे यह कहा गया है कि क्यों न उनके खिलाफ दलबदल विरोधी कानून के तहत कार्रवाई की जाए।’’
भाजपा के उम्मीदवार हर्ष महाजन ने कांग्रेस के दिग्गज नेता अभिषेक मनु सिंघवी को हराकर राज्यसभा सीट पर जीत हासिल की। इसके बाद से ही राज्य यह राजनीतिक घटनाक्रम देखा जा रहा है।
इस बीच, हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में वोट देने वाले छह कांग्रेस विधायक और तीन निर्दलीय विधायक बुधवार को विधानसभा पहुंचे।
विधायक राज्यसभा चुनाव में वोट डालने के बाद मंगलवार को शिमला से भाजपा शासित हरियाणा चले गये थे और रातभर पंचकूला के एक होटल में रहे।
वे सभी बुधवार सुबह पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से हेलीकॉप्टर से रवाना हुए।
जब नौ विधायक सदन में आये तो भाजपा सदस्यों ने मेजें थपथपाकर और ‘‘जय श्री राम, बन गया काम’’ जैसे नारे लगाकर उनका स्वागत किया।
भाषा
खारी नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
