जयपुर, पांच जून (भाषा) राजस्थान के पश्चिमी हिस्सों में आगामी कुछ दिनों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने और तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। मौसम विभाग के प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार छह जून से पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में आंधी बारिश में कमी होने व आगामी 4-5 दिन मौसम मुख्यतः शुष्क रहने तथा तापमान में चार से छह डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है।
वहीं, छह जून को जयपुर, अजमेर, कोटा व भरतपुर संभाग में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है। सात जून से केवल उदयपुर कोटा संभाग में छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश होने व शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।
इसी तरह बीकानेर संभाग में 7-8 जून को अधिकतम तापमान 44-45 डिग्री सेल्सियस दर्ज होने व आठ जून से कहीं-कहीं लू चलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार दिन में कहीं भारी बारिश नहीं हुई। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.8 डिग्री तथा बाड़मेर और फलोदी में 41.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
भाषा
पृथ्वी, रवि कांत रवि कांत
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
