scorecardresearch
Friday, 24 April, 2026
होमदेशऑनलाइन गेमिंग के अलावा कोई बुरी आदत नहीं थी: राहुल मीणा के परिजन का दावा

ऑनलाइन गेमिंग के अलावा कोई बुरी आदत नहीं थी: राहुल मीणा के परिजन का दावा

Text Size:

जयपुर, 24 अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में एक आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म व हत्या के आरोपी राहुल मीणा के परिवार ने इन आरोपों को खारिज करते हुए शुक्रवार को कहा कि ‘‘ऑनलाइन गेमिंग के अलावा राहुल को कोई बुरी आदत नहीं थी।’’

पुलिस के अनुसार, राजस्थान के अलवर जिले के निवासी मीणा पर 21 अप्रैल की रात अलवर में एक विवाहिता से दुष्कर्म करने और उसके कुछ घंटों बाद दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी से दुष्कर्म व हत्या करने का आरोप है।

अलवर में पत्रकारों से बातचीत में मीणा की मां ने कहा कि उनके 23 वर्षीय बेटे का ‘व्यवहार अच्छा’ रहा है और 21 अप्रैल की रात उनकी अपने बेटे से आखिरी बार बात हुई थी, जिसके बाद वह एक शादी में शामिल होने के लिए घर से निकला था।

उन्होंने कहा, ‘‘उस रात मेरी उससे बात हुई थी, लेकिन उसके बाद हमारा उससे कोई संपर्क नहीं हो सका। अगले दिन पुलिस आई और हमें घटना की जानकारी दी।’’

दुष्कर्म के आरोपों को खारिज करते हुए परिवार ने कहा कि ‘ऑनलाइन गेमिंग के अलावा उसकी कोई बुरी आदत नहीं थी।’

मीणा के एक अन्य रिश्तेदार ने कहा कि राहुल ‘‘पढ़ाई में बहुत अच्छा था’’ और स्नातक में उसने अच्छे अंक हासिल किए थे।

अलवर के राजगढ़ में एक विवाहिता से दुष्कर्म के आरोपों को नकारते हुए मीणा की बहन ने इसे ‘‘पूरी तरह निराधार’’ बताया।

उसने दावा किया कि ऑनलाइन गेमिंग से जुड़ा एक आर्थिक विवाद इस आरोप का कारण हो सकता है और यही विवाद दिल्ली में भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी के आवास पर उसके जाने की वजह भी रहा होगा।

उसने आरोप लगाया कि मीणा और राजगढ़ की कथित दुष्कर्म पीड़िता के पति को ऑनलाइन गेम में क्रमशः पांच लाख रुपये और 90,000 रुपये का नुकसान हुआ था, जिससे उन पर कर्ज बढ़ता गया और रकम चुकाने का दबाव बढ़ गया।

मीणा की बहन ने कहा, ‘वह रुपये लेने गया होगा क्योंकि उस पर दबाव बनाया जा रहा था।’

उसने यह भी बताया कि मीणा ने 20,000 रुपये के लिए अपना मोबाइल फोन तक गिरवी रख दिया था।

आरोपी की बहन ने कहा कि अगर राहुल मीणा ने कुछ गलत किया है तो उसे सजा मिलनी चाहिए।

इस बीच, ग्रामीणों का कहना है कि मीणा ‘‘स्वभाव से शांत व्यक्ति’’ था और उसने 2023 में प्रथम श्रेणी से स्नातक की पढ़ाई पूरी की थी, लेकिन इसके बाद उसे ऑनलाइन जुए की लत लग गई।

भाषा पृथ्वी खारी नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments