चंडीगढ़, सात मार्च (भाषा) हाल ही में रिलीज हुए हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ में आपत्तिजनक बोल और दृश्यों के आरोप में मामला दर्ज किये जाने के एक दिन बाद पुलिस ने रैपर-संगीतकार बादशाह को देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पंचकूला पुलिस ने बादशाह को तत्काल पुलिस के समक्ष पेश होने का औपचारिक नोटिस जारी किया है।
हरियाणा पुलिस ने शनिवार को एक बयान में बताया कि बादशाह की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए कई पुलिस टीम गठित की गई हैं और विभिन्न संभावित स्थानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
बयान में बताया गया, “आरोपी के देश छोड़ने का प्रयास करने की संभावना के मद्देनजर बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (एलओसी) जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।”
पुलिस ने शुक्रवार को पंचकूला निवासी की शिकायत के आधार पर बादशाह के हाल ही में रिलीज हुए संगीत वीडियो में आपत्तिजनक बोल और दृश्यों के इस्तेमाल के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की।
बादशाह के खिलाफ महिला अश्लील चित्रण (निषेध) अधिनियम, 1986 की धारा तीन व चार और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बयान में बताया, “सोशल मीडिया और गानों में आपत्तिजनक सामग्री के प्रसार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए हरियाणा पुलिस ने गायक आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की है।”
इसके अलावा, वीडियो को सभी सोशल मीडिया मंचों से हटाने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं।
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने भी इस गाने पर संज्ञान लिया है और लोकप्रिय रैपर को समन जारी किया है।
पुलिस ने बताया कि वीडियो में नाबालिग लड़कियां स्कूल यूनिफॉर्म पहने अपने स्कूल बैग फेंकती और पढ़ाई से भागती हुई दिखाई दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, “गाने में ‘बादशाला’ जैसे शब्दों का इस्तेमाल स्कूल के माहौल और शिक्षा को भ्रामक व अनुचित तरीके से चित्रित करता है।”
इसके अलावा, गाने के बोल में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक व अपमानजनक अभिव्यक्तियां भी पाई गई हैं।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि अगर कोई व्यक्ति विवादित गाने से संबंधित रील या वीडियो बनाकर या साझा करके आपत्तिजनक सामग्री को बढ़ावा देता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो निर्माताओं ने सरकारी स्कूल परिसर और जींद डिपो से हरियाणा रोडवेज की बस दिखाने के लिए उचित अनुमति ली है या नहीं।
पुलिस ने बताया कि अगर आवश्यक अनुमति नहीं ली गई तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने शुक्रवार को कहा था कि सरकार ने संगीत वीडियो पर संज्ञान लिया है।
उन्होंने कहा कि गाने में स्कूली छात्राओं का चित्रण और जिस तरह से “हमारी संस्कृति को दर्शाया गया है” वह निंदनीय है।
भाषा जितेंद्र दिलीप
दिलीप
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
