चंडीगढ़: हरियाणा के करनाल जिले के रहने वाले 30 साल के एक किसान की कथित तौर पर पुलिस हिरासत में मौत हो गई. परिवार का आरोप है कि क्राइम इन्वेस्टिगेशन एजेंसी-2 (CIA-2) की एक टीम 11 नवंबर को बिना कोई वजह बताए उन्हें उनके बिजना गांव स्थित घर से उठा ले गई थी. इसके तीन दिन बाद उनकी मौत हो गई. जहां पुलिस का कहना है कि जितेंद्र की मौत हार्ट अटैक से हुई, वहीं परिवार ने पुलिस अधिकारियों पर पैसे वसूलने की कोशिश में उन्हें यातनाएं देकर मारने का आरोप लगाया है.
रविवार को जितेंद्र की मौत की खबर मिलने के एक दिन बाद उनके परिवार, गांव के लोगों और राजपूत समुदाय के सदस्यों ने करनाल शहर में सड़क जाम कर दी और उनका शव लेने से इनकार कर दिया. उन्होंने CIA-2 के पुलिसकर्मियों पर पुलिस हिरासत की आड़ में हत्या करने का आरोप लगाया और इस मामले में शामिल सभी अधिकारियों की गिरफ्तारी की मांग की. इस विरोध प्रदर्शन के कारण कई घंटे तक यातायात रुका रहा और पूरे दिन शहर में तनाव बना रहा.
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि CIA-2 के प्रभारी इंस्पेक्टर परवीन शर्मा और हेड कांस्टेबल संदीप समेत छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. FIR में चार अन्य पुलिसकर्मियों के नाम नहीं बताए गए हैं.
अधिकारी ने बताया कि जितेंद्र के भाई शुभम सिंह की शिकायत पर रामनगर पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है. इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61 (आपराधिक साजिश), 103(1) (हत्या), 127(6) (पैसे वसूलने के लिए गलत तरीके से बंधक बनाना), 140(3) (गुप्त रूप से बंधक बनाने के इरादे से अपहरण) और 3(5) (साझा इरादे से किए गए काम) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
अधिकारी ने साफ किया कि दिप्रिंट के पास मौजूद एफआईआर में परवीन शर्मा और संदीप का नाम है. संदीप के नाम के बाद ‘अन्य’ शब्द भी लिखा गया है. हालांकि, उन्होंने बताया कि सभी छह पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है. इसमें विभागीय जांच और उन्हें पुलिस लाइन भेजना शामिल है.
परिवार का आरोप-गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया, पैसे मांगे
शिकायत के मुताबिक, CIA-2 की एक टीम 11 नवंबर को जितेंद्र को उनके घर से उठाकर ले गई थी. इसके बाद उनका परिवार एजेंसी के दफ्तर पहुंचा और पुलिस से कहा कि अगर उनके खिलाफ कोई मामला है तो उन्हें या तो छोड़ दिया जाए या अदालत में पेश किया जाए. हालांकि, शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उस दिन और अगले दिन भी जितेंद्र को अदालत में पेश नहीं किया गया.
12 नवंबर को परिवार ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट का रुख किया और जितेंद्र को गैरकानूनी तरीके से हिरासत में रखने का आरोप लगाया. अदालत के आदेश पर उसी रात एक टीम CIA-2 के दफ्तर पहुंची. जितेंद्र के चचेरे भाई रिंकू ने पत्रकारों को बताया कि CIA-2 के प्रभारी ने लिखित बयान दिया कि जितेंद्र उनकी हिरासत में नहीं हैं और उनका पता नहीं लगाया जा सका है.
रिंकू ने आरोप लगाया कि उसी रात बाद में एक पुलिसकर्मी ने किसी दूसरे व्यक्ति के फोन से शुभम को फोन किया और उनकी जितेंद्र से बात कराई. आरोप है कि इसके बाद पुलिस अधिकारी ने पैसे मांगे और वादा किया कि अगले दिन जितेंद्र को छोड़ दिया जाएगा. हालांकि, जब परिवार बाद में CIA-2 के दफ्तर पहुंचा तो उन्हें बताया गया कि जितेंद्र को उस रात नहीं छोड़ा जाएगा.
13 नवंबर की रात परिवार के लोगों को जितेंद्र से मिलने की इज़ाज़त दी गई. सबसे पहले उनकी मौसी के बेटे विशाल ने उनसे मुलाकात की. इसके बाद गांव के गुरदीप राणा उनसे मिले. शिकायत के मुताबिक, उस समय जितेंद्र ठीक दिखाई दे रहे थे. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि CIA-2 के पुलिसकर्मियों ने जितेंद्र, उनके रिश्तेदारों और गुरदीप से खाली कागजों पर हस्ताक्षर करवाए.
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि CIA-2 के पुलिसकर्मियों ने परिवार पर उनकी बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका वापस लेने का दबाव बनाया. शुभम ने बताया कि हेड कांस्टेबल संदीप ने कॉन्फ्रेंस कॉल के जरिए परिवार से इस बारे में बात की, लेकिन परिवार ने याचिका वापस लेने से इनकार कर दिया.
अगली सुबह गांव के सरपंच ने परिवार को बताया कि CIA-2 के दफ्तर में जितेंद्र की मौत हो गई है और उनके शव को अस्पताल ले जाया गया है. करनाल के कल्पना चावला सरकारी मेडिकल कॉलेज (KCGMC) में डॉक्टरों के एक बोर्ड ने न्यायिक मजिस्ट्रेट की निगरानी में जितेंद्र का पोस्टमॉर्टम किया.
शुभम ने अपनी शिकायत में संदीप, शर्मा और अन्य पुलिसकर्मियों को जितेंद्र की मौत के लिए जिम्मेदार बताया है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
परिवार ने मौत को लेकर पुलिस के दावे पर उठाए सवाल
जितेंद्र के पिता विक्रम ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों ने उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी. उन्होंने पुलिस के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि जितेंद्र की मौत हार्ट अटैक से हुई है. परिवार ने यह भी कहा कि CCTV फुटेज में कुछ लोग सादे कपड़ों में जितेंद्र को अपने साथ ले जाते दिखाई दे रहे हैं. परिवार का आरोप है कि उनकी गिरफ्तारी का कोई आधिकारिक रिकॉर्ड भी नहीं बनाया गया था.
समुदाय के सदस्य कप्तान सिंह राणा ने दिप्रिंट को बताया कि सादे कपड़ों में आए पुलिसकर्मी बिना कोई वजह बताए जितेंद्र को उनके घर से ले गए थे. उन्होंने कहा कि जितेंद्र किसान थे और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं था.
राणा ने कहा, “जब वह नाबालिग थे, तब उनका नाम हत्या के एक मामले में आया था और अदालत के आदेश के मुताबिक उन्हें बाल सुधार गृह में रखा गया था. हालांकि, अब उनकी उम्र 30 साल से ज्यादा थी और उनकी शादी भी हो चुकी थी. परिवार ने पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की और अदालत की ओर से नियुक्त टीम पुलिस थाने भी पहुंची, लेकिन पुलिस ने इसकी भी परवाह नहीं की.”
जितेंद्र के साथ मौजूद सहायक उपनिरीक्षक (ASI) संजय को भी गोली लगी है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है. परिवार ने आरोप लगाया है कि ASI ने जानबूझकर खुद को गोली मारी.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने दिप्रिंट को बताया कि ASI को किन परिस्थितियों में गोली लगी, इसकी जांच की जाएगी. उन्होंने बताया कि करनाल के पुलिस अधीक्षक करण गोयल ने छह पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन भेज दिया है और उनके खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.
दिप्रिंट ने पुलिस की ओर से पैसे मांगने के परिवार के आरोपों पर जवाब लेने के लिए गोयल को संदेश भेजा है. उनका जवाब मिलने पर इस खबर को अपडेट किया जाएगा.
न्यायिक जांच के आदेश, परिवार ने गिरफ्तारी की मांग की
इस घटना की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि, परिवार का कहना है कि सिर्फ FIR दर्ज करना काफी नहीं है. वे सभी छह पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी और उन्हें नौकरी से बर्खास्त करने की मांग कर रहे हैं. परिवार ने यह सवाल भी उठाया है कि चार आरोपियों के नाम FIR में क्यों नहीं लिखे गए हैं.
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि जब तक आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक वे जितेंद्र के शव को KCGMC के शवगृह से बाहर नहीं ले जाने देंगे.
राणा ने कहा, “सिर्फ FIR दर्ज करना न्याय नहीं है. इस मामले में शामिल सभी लोगों को गिरफ्तार किया जाना चाहिए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.”
(इस रिपोर्ट को अंग्रेज़ी में पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें)
यह भी पढ़ें: इजरायल से रिश्तों पर विचार करे केंद्र, खुर्शीद की नसीहत के बीच तेलंगाना ने कंपनियों को दिया न्योता