अहमदाबाद, 11 फरवरी (भाषा) गुजरात वन विभाग द्वारा किए गए एक सर्वेक्षण में अहमदाबाद के पास स्थित विश्व प्रसिद्ध नलसरोवर पक्षी अभयारण्य में 270 प्रजातियों के 6.42 लाख से अधिक पक्षियों की जानकारी मिली है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वन विभाग द्वारा पक्षी विविधता की निगरानी के लिए आयोजित ‘नलसरोवर अभयारण्य पक्षी गणना-2026’ में 270 विभिन्न प्रजातियों के कुल 6,42,232 पक्षी दर्ज किए गए।
इसमें कहा गया है कि हालिया प्रक्रिया की उच्च सटीकता सुनिश्चित करने के लिए पूरे अभयारण्य को 50 सर्वेक्षण क्षेत्रों में विभाजित किया गया और प्रत्येक क्षेत्र में एक समर्पित टीम को नियुक्त किया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार, ‘आंकड़ों की सत्यता बनाए रखने के लिए, अंतिम विश्लेषण और रिपोर्ट तैयार करने से पहले सभी एकत्रित जानकारी को अनुभवी गणनाकर्ताओं की देखरेख में संकलित और कड़ाई से सत्यापित किया गया ताकि किसी भी प्रकार की पुनरावृत्ति को हटाया जा सके।’
विभाग प्रत्येक दो वर्ष में नलसरोवर में पक्षियों की आबादी का व्यापक आकलन करता है।
शीत ऋतु में बड़ी संख्या में प्रवासी पक्षी अभयारण्य में आते हैं, जबकि कुछ स्थानीय प्रजातियां वर्ष भर अभयारण्य में देखी जाती हैं।
वन विभाग के 12 कर्मचारियों के अलावा कुल 220 पक्षी विशेषज्ञों और वन्यजीव प्रेमियों ने इस गणना में भाग लिया।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि 99 स्थानीय नाविकों और गाइड ने इस प्रक्रिया की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
