scorecardresearch
Thursday, 5 March, 2026
होमदेशगुजरात : महिला को भाई, उसकी बेटी को मारने के आरोप में उम्रकैद

गुजरात : महिला को भाई, उसकी बेटी को मारने के आरोप में उम्रकैद

Text Size:

पाटन (गुजरात), चार अप्रैल (भाषा) गुजरात के पाटन की एक अदालत ने सोमवार को 28 वर्षीय महिला को अपनी भाभी से ईर्ष्या और जलन को लेकर अपने भाई एवं 14 महीने की भतीजी को जहर देने के मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई। दोषी महिला की अपने पिता की करोड़ों रुपये की संपत्ति पर नजर थी।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश ए. के. शाह ने किन्नरी पटेल को अपने बड़े भाई और उनकी 14 महीने की बेटी की मई 2019 में ‘धतूरे’ के बीज और साइनाइड पाउडर से भरी एक गोली का सेवन कराकर उनकी हत्या करने के जुर्म में दोषी ठहराया।

इसे ‘‘दुर्लभतम’’ मामला मानने से इनकार करते हुए और अभियोजन पक्ष की ओर से दोषी को मौत की सजा के अनुरोध को अस्वीकार करते हुए अदालत ने कहा कि आपराधिक मानसिकता वाले लोगों को संदेश भेजने की जरूरत है ताकि वे इस तरह के कृत्य को हल्के में नहीं लें। अदालत ने आरोपी पर 50,000 रुपये का जुर्माना भी लगाया और सिफारिश की कि पीड़ित की पत्नी भूमि पटेल को राज्य की पीड़ित मुआवजा योजना के तहत मुआवजा दिया जाए।

दोषी एक स्थानीय उद्योगपति की बेटी है और पेशे से दंत चिकित्सक है। उसने अपने 32 वर्षीय भाई जिगर पटेल को धतूरे के बीज के मिश्रण से बना धीमी गति का जहर देने का प्रयास किया और उसकी हत्या करने की साजिश रची, जिससे उसका मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य प्रभावित हुआ। बाद में उसने मौका पाकर अपने भाई और उसकी बेटी को साइनाइड की गोली दे दी जिससे उनकी मौत हो गई।

सरकारी अभियोजक एम. डी. पांड्या ने कहा, ‘‘दोषी महिला की भाभी की उम्र उसके बराबर ही है और वह भी एक दंत चिकित्सक है। महिला अपनी भाभी से ईर्ष्या करती थी और उसे अपने पिता की संपत्ति का भी लालच था, जिसने हत्या में भूमिका निभाई।’’

पुलिस ने बाद में महिला का लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किया और लैपटॉप की फोरेंसिक जांच से पता चला कि उसने धतूरे के बीज का उपयोग करके एक जहरीला पेय तैयार करने के तरीकों की खोज की थी। उसने अहमदाबाद के आभूषण दुकानदारों से भी टूथ कैप तैयार करने के बहाने साइनाइड पाउडर खरीदने के लिए संपर्क किया था।

भाषा सुरभि नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments