scorecardresearch
Monday, 30 March, 2026
होमदेशगुजरात : ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मी निलंबित

गुजरात : ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मी निलंबित

Text Size:

वडोदरा(गुजरात),11 जून (भाषा) गुजरात के वडोदरा शहर में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में छह पुलिसकर्मियों को शनिवार को निलंबित कर दिया गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि मांजलपुर थाने के एक उप निरीक्षक समेत छह पुलिसकर्मियों को जांच लंबित रहने तक निलंबित कर दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त (जोन 3) यशपाल जगनिया ने कहा, ‘‘हमने मामले में उनकी ओर से प्रक्रियागत चूक किये जाने के चलते पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। हमने उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की है और उन्हें निलंबित कर दिया है।’’

मांजलपुर थाने के एक अधिकारी ने कहा कि हर्षिल लिंबाचिया नामक एक आरोपी को गत 21 मई को धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किये जाने के तुरंत बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया था। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में दर्ज एक मामले में वहां की पुलिस द्वारा लिंबाचिया को हिरासत में लिये जाने से कुछ घंटे पहले ही इन पुलिसकर्मियों ने उसे जमानत पर रिहा कर दिया था।

अपराध शाखा के एक अधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस लिंबाचिया को हिरासत में लेने के लिए पहले से ही शहर में मौजूद थी, लेकिन इन पुलिसकर्मियों ने उसे रिहा कर दिया और वह फरार हो गया।

अधिकारी ने बताया कि लिंबाचिया को बाद में 25 मई को अपराध शाखा ने मांजलपुर पुलिस स्टेशन में भारतीय दंड संहिता की धारा 406 (आपराधिक विश्वासघात), 420 (धोखाधड़ी) आदि के तहत दर्ज एक अन्य मामले में गिरफ्तार कर लिया।

निरीक्षक एच एल अहीर ने बताया कि वडोदरा और आणंद शहर के विभिन्न थानों में आरोपियों के खिलाफ 11 प्राथमिकी दर्ज हैं।

उन्होंने कहा कि वह 52 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा वांछित है, और उसकी सात दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद जल्द ही उन्हें सौंप दिया जाएगा।

भाषा सुरेश सुभाष

सुभाष

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments