scorecardresearch
Wednesday, 11 March, 2026
होमदेशगुजरात: दो जिलों में भीषण गर्मी जैसे हालात, 12 मार्च के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

गुजरात: दो जिलों में भीषण गर्मी जैसे हालात, 12 मार्च के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी

Text Size:

अहमदाबाद, 11 मार्च (भाषा) गुजरात के सुरेंद्रनगर व राजकोट जिलों में लू की स्थिति बनी हुई है और बृहस्पतिवार के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया गया है।

पिछले 24 घंटों में कई स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक हो गया है।

अहमदाबाद मौसम विभाग केंद्र के प्रमुख डॉ. अशोक कुमार दास ने बताया कि सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र के सुरेंद्रनगर और राजकोट जिलों के लिए बुधवार को भीषण लू की चेतावनी (‘रेड अलर्ट’) जारी की गई।

उन्होंने बताया कि मंगलवार को दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव केंद्र शासित प्रदेशों के दीव शहर में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मार्च महीने का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।

यह इस समय के सामान्य तापमान से 10 डिग्री अधिक है।

अधिकारी ने बताया कि बनासकांठा, पाटन, वडोदरा, सूरत, पोरबंदर, जूनागढ़, अमरेली, मोरबी, गिर सोमनाथ, बोटाद, कच्छ और केंद्र शासित प्रदेश के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।

गुजरात में बृहस्पतिवार को ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी रहेगा जबकि शुक्रवार को ‘येलो अलर्ट’ जारी होने की संभावना है।

दास ने बताया कि अगले दो दिनों के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने का अनुमान है।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को राजकोट में अधिकतम तापमान सामान्य से आठ डिग्री सेल्सियस अधिक 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो गुजरात में सबसे अधिक है।

अहमदाबाद में सोमवार को तापमान सामान्य से 7.2 डिग्री अधिक 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

वहीं डीसा और गांधीनगर में तापमान सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस अधिक क्रमशः 41 डिग्री सेल्सियस और 40.8 डिग्री सेल्सियस रहा था।

वडोदरा और सूरत में भी तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक क्रमशः 41 डिग्री सेल्सियस और 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments