नोएडा (उप्र), 14 जून (भाषा)। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्ध नगर जनपद के ग्रेटर नोएडा स्थित हिमसागर अपार्टमेंट सोसाइटी ने लुंगी और नाइटी पहनकर सार्वजनिक रूप से न घूमने का अपना चार दिन पुराना निर्देश बुधवार को वापस ले लिया।
सोसाइटी ने 10 जून को एक नोटिस जारी कर वहां के निवासियों से अपील की थी कि पुरुष लुंगी और महिलाएं नाइटी पहन कर सोसाइटी में सार्वजनिक रूप से न घूमें।
सोसाइटी के आरडब्लूए अध्यक्ष पीके कालरा ने बताया कि काफी दिनों से शिकायतें आ रही थी कि लोग घर के अंदर पहनने वाले कपड़ों में ही बाहर घूमने लगते हैं, जिससे सोसाइटी का माहौल खराब हो रहा है।
उन्होंने कहा कि निवासियों से अनुरोध किया गया था कि वे सोसाइटी के वातावरण को ध्यान में रखते हुए संबंधित निर्देश का पालन करें। कालरा के अनुसार, किसी के ऊपर यह आदेश जबरन नहीं सौंपा गया था।
सोशल मीडिया पर आरडब्ल्यूएल का संबंधित नोटिस काफी प्रचारित होने के बाद लोगों ने अलग-अलग मत जाहिर किये और सोसाइटी को चार दिन बाद बुधवार को यह निर्देश वापस लेना पड़ा।
कालरा ने पुष्टि की कि 10 जून का नोटिस वापस ले लिया गया है।
भाषा
राजकुमार सुरेश
सुरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
