scorecardresearch
Monday, 9 February, 2026
होमदेशव्यापार समझौते पर सरकार के मंत्रियों के बयान अलग-अलग, दृष्टिकोण में खामी: कांग्रेस

व्यापार समझौते पर सरकार के मंत्रियों के बयान अलग-अलग, दृष्टिकोण में खामी: कांग्रेस

Text Size:

नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने रूस से तेल खरीदने और भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर विदेश मंत्री एस. जयशंकर और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल के कथित विरोधाभाषी बयानों को लेकर सोमवार को सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस मामले में सरकार के दृष्टिकोण में ही खामी है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘समग्र सरकार’ (होल ऑफ गवर्मेन्ट) का दृष्टिकोण कहते हैं, उस पर बड़े-बड़े दावे करते हैं। लेकिन रूसी तेल के मुद्दे और भारत–अमेरिका व्यापार समझौते पर हाल यह है कि वाणिज्य मंत्री कहते हैं कि विदेश मंत्री से पूछिए, विदेश मंत्री कहते हैं कि वाणिज्य मंत्री से पूछिए और पेट्रोलियम मंत्री दूसरे मुद्दों में उलझे हुए हैं।’’

उन्होंने कहा कि सरकार में खामियों से भरा दृष्टिकोण है।

बीते शनिवार को भारत और अमेरिका द्वारा पहले चरण के द्विपक्षीय व्यापार समझौते के ढांचे पर जारी संयुक्त बयान में गया था कि भारत ने अगले पांच वर्षों में अमेरिका से 500 अरब डॉलर के ऊर्जा उत्पाद, विमान और विमान के पुर्जे, कीमती धातुएं, तकनीकी उत्पाद और कोयला खरीदने का इरादा जाहिर किया है।

इसके बदले अमेरिका भारतीय वस्तुओं पर शुल्क घटाकर 18 प्रतिशत करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत द्वारा रूसी तेल खरीदने पर लगाए गए दंडात्मक 25 प्रतिशत शुल्क हटाने का शासकीय आदेश भी जारी किया है।

अमेरिका से आयात में अचानक वृद्धि को लेकर सुरक्षा उपायों पर गोयल ने कहा है कि व्यापार समझौते में किसानों और घरेलू उद्योगों के हितों की रक्षा के लिए पर्याप्त सुरक्षा प्रावधान किए गए हैं।

भाषा हक गोला

गोला

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments