scorecardresearch
Sunday, 6 October, 2024
होमदेशमहिला सशक्तिकरण के लिए कृतसंकल्प है सरकार: गहलोत

महिला सशक्तिकरण के लिए कृतसंकल्प है सरकार: गहलोत

Text Size:

जयपुर, आठ मार्च (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने एवं उनके सशक्तिकरण वादा करते हुए मंगलवार उनसे आह्वान किया कि वे अन्याय, अत्याचार एवं उत्पीड़न के खिलाफ पूरी ताकत से अपनी आवाज उठाएं तथा राज्य सरकार उन्हें आत्मरक्षा कौशल प्रदान करने में किसी प्रकार की धन की कमी नहीं आने देगी।

उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में यहां बिड़ला सभागार में राज्य स्तरीय कार्यक्रम में इंदिरा महिला शक्ति प्रोत्साहन एवं सम्मान योजना के तहत उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया। उन्होंने उड़ान योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुस्तिका एवं पोस्टर का विमोचन किया और प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

गहलोत ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान में निर्भया स्क्वाड के माध्यम से शिक्षण संस्थाओं एवं पुलिस लाइन में महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मरक्षा कौशल का प्रशिक्षण दिया जाता है, हमारा प्रयास है कि प्रदेश की अधिक से अधिक महिलाएं यह प्रशिक्षण लें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने उड़ान योजना लागू की है। उन्होंने कहा,‘‘ इस महत्वाकांक्षी योजना के माध्यम से हमारा प्रयास है कि स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश प्रदेश के गांव-ढाणी में बसी प्रत्येक माता-बहन तक पहुंचे। राज्य की आधी आबादी महिलाओं को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ हमारी सरकार ने इसे लागू किया और 200 करोड़ रुपए का प्रावधान गत बजट में किया।’’

गहलोत ने कहा कि अपनी प्रतिभा, जज्बे और संघर्ष से महिलाओं ने प्रदेश का नाम रोशन किया है और जीवन के हर क्षेत्र में उनकी भागीदारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण, उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने तथा शिक्षित कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से कई योजनाएं शुरू की हैं।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ममता भूपेश ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने शत-प्रतिशत अंशदान से महिलाओं के बहुआयामी विकास के लिए एक हजार करोड़ रुपए की इंदिरा महिला शक्ति योजना लागू की है, जिसके जरिए महिलाओं एवं बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, कौशल विकास के जरिए उन्हें स्वावलंबी बनाने तथा उद्यमिता विकास जैसी गतिविधियां प्रमुखता से संचालित की जा रही हैं।

यूएनएफपीए की भारत में देश प्रतिनिधि आंद्रिया वॉनर ने इस मौके पर कहा कि बालिका विवाह तथा शिशु मृत्यु दर को कम करने की दिशा में राजस्थान तेजी से आगे बढ़ रहा है।

भाषा पृथ्वी कुंज राजकुमार

राजकुमार

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments