शिमला, 29 जनवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को कहा कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए उनकी सरकार एक नये कानून पर विचार कर रही है।
सुक्खू ने राज्य के बजट (वित्त वर्ष 2024-25) के लिए विकास संबंधी योजनाओं की प्राथमिकता के संबंध में विधायकों के साथ बैठकों की अध्यक्षता भी की।
सुक्खू ने पहले सत्र में उना, हमीरपुर व सिरमौर जिलों के विधायकों से और दूसरे सत्र के दौरान सोलन, चंबा, बिलासपुर और लाहौल-स्पीति जिलों के विधायकों के साथ बैठक की।
सुक्खू ने कहा, ”हम पारदर्शी व जवाबदेह शासन प्रदान करने और भ्रष्टाचार को पूरी तरह खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, सुक्खू ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने और व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए नये कानून पर विचार कर रही है। सुक्खू ने यह भी कहा कि जनता की शिकायतों को प्रभावी ढंग से हल करने और कुशल प्रशासन प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम शुरू किया है।
भाषा जितेंद्र अमित
अमित
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
