इंदौर (मध्यप्रदेश), 12 जुलाई (भाषा) अगर आपने बुधवार को गूगल का होमपेज खोला होगा, तो आपके मुंह में पानी जरूर आया होगा। गूगल ने ‘गोलगप्पे’ यानि के ‘पानी पुरी’ पर बुधवार को विशेष डूडल बनाया जिसमें इससे जुड़ा गेम भी बहुत मजेदार था।
इस डूडल के बारे में गूगल ने बताया है कि मास्टरशेफ नेहा शाह के मार्गदर्शन में इंदौर के एक रेस्तरां में आठ साल पहले आज के ही दिन यानी 12 जुलाई 2015 को पानी पुरी के 51 जायके परोसे गए थे और इस आयोजन को लेकर एक स्थानीय फर्म ‘इंदौरी जायका’ और हिन्दी अखबार ‘‘दैनिक भास्कर’’ के नाम विश्व कीर्तिमान दर्ज किया गया था।
इंदौरी जायका के संचालक राकेश दावानी ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ से कहा,‘‘गूगल ने पानी पुरी पर केंद्रित डूडल के बारे में हमारे कीर्तिमान का जिक्र किया है। इससे हम खुद पर फख्र महसूस कर रहे हैं। गूगल के इस डूडल के कारण देश भर के लोग हमें फोन कर रहे हैं।’‘
पानी पुरी पर बने विश्व कीर्तिमान की कहानी भी दिलचस्प है। दावानी ने बताया,‘‘हम 12 जुलाई 2015 को अपनी फर्म की पहली सालगिरह मना रहे थे और इस मौके पर कुछ हटकर आयोजन करना चाह रहे थे। हमने पानी पुरी को लेकर एक विश्व कीर्तिमान बनाने के बारे में सोचा क्योंकि इसे पूरे भारत में हर उम्र के लोग बड़े शौक से खाते हैं।’’
उन्होंने बताया कि विश्व कीर्तिमान के दावे के आयोजन में मास्टरशेफ नेहा शाह के मार्गदर्शन में स्वाद के शौकीनों को 51 अलग-अलग जायकों की पानी पुरी परोसी गई थी जिनमें इंदौर के स्थानीय स्वाद शामिल थे।
दावानी ने बताया कि आयोजन में पानी पुरी के सर्वाधिक जायके परोसे जाने पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने विश्व कीर्तिमान का प्रमाण पत्र जारी किया था। उन्होंने बताया,‘‘कीर्तिमान वाले दिन लोगों ने हमारी परोसी गई करीब 25,000 पानी पुरी महज सात घंटे में चट कर दी थी।’’
‘पानी पुरी’ को देश में पानी के बताशे, फुलकी, गोलगप्पा, पुचका या फुचका के नाम से भी जाना जाता है। शाकाहारी व्यंजनों के अपने पारंपरिक जायकों के लिए दुनिया भर में मशहूर इंदौर में भी पानी पुरी की बड़ी मांग है।
शहर की प्रमुख चाट-चौपाटी ‘‘56 दुकान’’ के व्यापारी संघ के अध्यक्ष गुंजन शर्मा ने बताया,’स्वाद के कई शौकीन हमारी चाट-चौपाटी में केवल पानी पुरी खाने आते हैं।’
भाषा हर्ष रंजन नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
