scorecardresearch
Saturday, 28 March, 2026
होमदेशगोवा : भूमि उपयोग नियमों के विरोध में अनशन कर रहे विधायक की सेहत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

गोवा : भूमि उपयोग नियमों के विरोध में अनशन कर रहे विधायक की सेहत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती

Text Size:

पणजी, 24 फरवरी (भाषा) रिवोल्यूशनरी गोवन्स पार्टी के विधायक वीरेश बोरकर को स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोरकर नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के एक प्रावधान को निरस्त करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।

गोवा में बोरकर के नेतृत्व में विपक्षी दल शनिवार से यहां आजाद मैदान में विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। ये प्रदर्शनकारी शहर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम की धारा 39ए को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। यह प्रावधान गैर-आवासीय क्षेत्र को आवासीय क्षेत्र में परिवर्तित करने की अनुमति देता है, जिससे निर्माण गतिविधियों का मार्ग प्रशस्त होता है।

निजी चिकित्सक डॉ. ऑस्कर रेबेलो ने सोमवार रात बोरकर के स्वास्थ्य की जांच की और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी।

डॉ. रेबेलो ने प्रदर्शनकारियों से कहा, “उनके स्वास्थ्य संकेतक गिर रहे हैं और उन्हें तत्काल चिकित्सकीय देखभाल की आवश्यकता है।” इसके बाद बोरकर को रात में पणजी शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इससे पहले सोमवार को सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने राज्य के नगर एवं ग्राम नियोजन मंत्री विश्वजीत राणे के डोना पाउला स्थित निजी आवास तक मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के घर के बाहर कई घंटों तक प्रदर्शन किया, जिसके बाद वे आजाद मैदान आ गए।

मंत्री के आवास के बाहर हुए प्रदर्शन में विपक्ष के नेता यूरी अलेमाओ, आम आदमी पार्टी के विधायक वेन्जी वीगास तथा गोवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष सुनील कवठणकर सहित कई नेता शामिल हुए।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को प्रदर्शनकारियों की मांगें मानने से इनकार कर दिया। साथ ही उन्होंने मंत्री राणे के निजी आवास के बाहर विरोध प्रदर्शन किए जाने के तरीके पर नाराजगी भी जताई।

भाषा मनीषा वैभव

वैभव

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments