पणजी, आठ फरवरी (भाषा) भारतीय जनता पार्टी ने गोवा में 14 फरवरी को होने जा रहे विधानसभा चुनावों के लिए मंगलवार को अपना घोषणापत्र जारी कर अगले 10 वर्षों में गोवा को 50 अरब डॉलर की अर्थव्यस्था बनाने का वादा किया। साथ ही, हर परिवार को रसोई गैस के तीन सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराने, खनन गतिविधियां बहाल करने और सभी के लिए आवास का भी संकल्प लिया।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत और गोवा भाजपा अध्यक्ष सदानंद सेठ तनवडे की उपस्थिति में ‘गोवा के भविष्य को सशक्त करने, पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने, वैध खनन बहाल करने और राज्य में बहुआयामी गरीबी का उन्मूलन करने’ की बात कही।
सत्तारूढ़ दल ने कहा, ‘‘हम निरंतर कोशिशों से गोवा को विकास के पथ पर आगे बढ़ाएंगे, ताकि राज्य अगले 10 वर्षों में 50 अरब डॉलर की अर्थव्यस्था बन जाए।’’
भाजपा ने तटीय राज्य में सभी 40 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। पार्टी ने अगले पांच वर्षों में राज्य में ‘बहुआयामी गरीबी’ का उन्मूलन करने का वादा किया।
घोषणापत्र में कहा गया है, ‘‘हम गरीबों को समयबद्ध तरीके से और प्रत्यक्ष नकद अंतरण के जरिये सामाजिक कल्याण के लाभ उपलब्ध कराएंगे। हम दीन दयाल स्वास्थ्य सेवा योजना के तहत वृद्धावस्था पेंशन की राशि बढ़ा कर 3,000 रुपये प्रति महीने कर देंगे।’’
भाजपा ने 2018 से स्थगित खनन गतिविधियां सत्ता में लौटने के छह महीने अंदर बहाल करने का वादा किया। पार्टी ने अगले पांच साल में राज्य में आने वाले पर्यटकों की वार्षिक संख्या दोगुनी करने का भी संकल्प लिया।
भाजपा ने गोवा को बैठक, सम्मेलन और प्रदर्शनी के लिए एशिया का केंद्र बनाने का भी वादा किया।
पार्टी ने घोषणापत्र में महिलाओं को लक्षित करते हुए साल में प्रत्येक परिवार को रसोई गैस के तीन सिलेंडर मुफ्त उपलब्ध कराने का वादा किया।
भाजपा ने कहा कि सत्ता में लौटने पर उसकी सरकार पेट्रोल और डीजल पर करों की सीमा निर्धारित करेगी, ताकि तटीय राज्य में उनकी कीमतें नियंत्रित की जा सकें।
भाषा
सुभाष नरेश
नरेश
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.
