scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशगाजियाबाद में बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल

गाजियाबाद में बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल

Text Size:

गाजियाबाद (उप्र), 18 मार्च (भाषा) गाजियाबाद के नंदग्राम इलाके में एक बच्ची की हत्या का आरोपी पुलिस से हुई कथित मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी गौरव प्रजापति (24 वर्ष) को नंदग्राम पुलिस ने मंगलवार देर रात करीब तीन बजे गिरफ्तार किया था और पुलिस उसे वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद करने के लिए घटनास्थल के पास ले गई थी।

पुलिस अधिकारियों ने दावा किया कि आरोपी ने इसी दौरान झाड़ियों के पीछे छिपा कर रखी गई पिस्तौल से पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।

उन्होंने बताया कि पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान प्रजापति दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार आरोपी सोमवार शाम को एक बच्ची को टॉफी देने का लालच देकर अपने साथ ले गया था।

पुलिस ने बताया कि बाद में बच्ची नंदग्राम इलाके के एक खेत में घायल अवस्था में मिली थी, जिसके बाद उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सहायक पुलिस आयुक्त (नंदग्राम) जियाउद्दीन अहमद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आरोपी के पास से एक देसी पिस्तौल, एक कारतूस और दो खाली कारतूस बरामद किये गए हैं।

अहमद ने बताया कि लड़की की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

उन्होंने बताया कि चिकित्सकों ने उसके शरीर पर छर्रों के कई घाव देखे हैं, लिहाजा आशंका है कि वे निशान 12 बोर के हथियार से चलायी गई गोली के हैं।

पुलिस ने बताया कि हत्या से संबंधित धाराओं समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अगर मृतक बच्ची के यौन उत्पीड़न की पुष्टि होती है, तो पॉक्सो अधिनियम के प्रावधान और बलात्कार के आरोप भी मुकदमे में जोड़े जाएंगे।

इसके अलावा एससी/एसटी अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लागू की जाएंगी।

सूत्रों ने बताया कि पूछताछ के दौरान प्रजापति ने अपराध स्वीकार कर लिया है। भाषा सं. सलीम जोहेब

जोहेब

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments