scorecardresearch
Wednesday, 18 March, 2026
होमदेशगहलोत ने बिपारजॉय से संबंधित तैयारियों की समीक्षा बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों का निर्देश दिया

गहलोत ने बिपारजॉय से संबंधित तैयारियों की समीक्षा बैठक में राहत एवं बचाव कार्यों का निर्देश दिया

Text Size:

जयपुर, 14 जून (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास पर बिपारजॉय तूफान से संभावित नुकसान से बचाव हेतु तैयारियों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों से जुड़े निर्देश दिए।

बैठक में मौसम विभाग के अधिकारियों द्वारा बताया गया कि बिपारजॉय तूफान के 16 जून को दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान में पहुंचने की संभावना है। 16 एवं 17 जून को जोधपुर एवं उदयपुर संभागों में तेज वर्षा के साथ आंधी-तूफान चलने की भी आशंका है।

मुख्यमंत्री ने मौसम विभाग की अनुशंषा के अनुसार सभी संबंधित विभागों को बचाव एवं राहत कार्यो के लिये तैयार रहने के लिए निर्देशित किया।

गहलोत ने कहा कि जिन जिलों के प्रभावित होने की संभावना है वहां आमजन के बचाव एवं राहत के लिए जिला प्रशासन मुस्तैद रहे। इन जिलों में एसडीआरएफ, नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवक एवं आपदा मित्र को शामिल कर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक की जाए।

आमजन से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि तूफान संभावित क्षेत्रों में अतिआवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर ही शरण लें। बड़े एवं पुराने वृक्षों के नीचे शरण ना लें। 16 से 18 जून के दौरान किसी भी प्रकार की पर्यटन एवं एडवेंचर गतिविधियों में शामिल ना हों।

उन्होंने सभी जिलाअधिकारियों को तूफान से संबंधित सूचना/चेतावनी को इलेक्ट्रानिक, प्रिंट, सोशल मीडिया, एसएमएस एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्मिकों के माध्यम से आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए निर्देशित किया।

सरकारी बयान के अनुसार, मौसम विभाग का कहना है कि 16 जून को जैसलमेर, बाड़मेर, जालौर एवं जोधपुर के आस-पास के क्षेत्रों तथा 17 जून को जोधपुर, उदयपुर एवं अजमेर के आस-पास के क्षेत्रों में 60 से 70 किमी प्रति घण्टे की गति से तेज हवाएं चलने की आशंका है। तूफान से दक्षिणी-पश्चिमी राजस्थान के निचले इलाकों में जल भराव, मकान क्षतिग्रस्त होने तथा बिजली के खंभे एवं पेड़ों के उखड़ने की आशंका है।

बैठक में बताया गया कि राज्य सरकार द्वारा सभी जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को 24 घण्टे चक्रवात/बाढ़ नियंत्रण कक्ष संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

तूफान से प्रभावित लोगों के बचाव हेतु प्रदेश में जयपुर, कोटा, भरतपुर, उदयपुर, अजमेर, जोधपुर एवं बीकानेर में एसडीआरएफ की आठ कम्पनियां तथा किशनगढ़, अजमेर में एनडीआरएफ की एक कम्पनी तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं।

जयपुर मौसम केन्द्र द्वारा 16 जून को बाड़मेर एवं जालौर में अत्यधिक भारी वर्षा, जैसलमेर, जोधपुर, पाली एवं सिरोही में बहुत भारी वर्षा तथा बीकानेर, उदयपुर एवं राजसमंद में भारी बारिश की संभावना की चेतावनी जारी की गई है।

वहीं 17 जून, 2023 को बाड़मेर, जालौर, पाली, जोधपुर एवं नागौर में अत्यधिक भारी बारिश, जैसलमेर, बीकानेर, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर, सिरोही एवं राजसमंद में बहुत भारी बारिश एवं चूरू, सीकर, जयपुर, टोंक, बूंदी, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, डूंगरपुर एवं बांसवाड़ा में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

भाषा कुंज अर्पणा

अर्पणा

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments