पणजी, 24 अप्रैल (भाषा) गोवा के संरक्षक संत माने जाने वाले सेंट फ्रांसिस जेवियर पर अभद्र टिप्पणी करने के आरोपी दक्षिणपंथी वक्ता गौतम खट्टर को शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी एक अधिकारी ने दी।
पुलिस अधीक्षक (अपराध शाखा) राहुल गुप्ता ने पणजी में पत्रकारों को बताया कि सनातन महासंघ नामक संगठन के संस्थापक खट्टर को पर्वतीय राज्य के कुल्लू जिले में गिरफ्तार कर लिया गया है, जिससे कई दिन से जारी तलाश समाप्त हो गई है।
उन्होंने कहा कि अपराध शाखा की एक टीम जल्द ही दक्षिणपंथी कार्यकर्ता को हिरासत में ले लेगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘गोवा पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर हिमाचल प्रदेश पुलिस ने आज शाम कुल्लू जिले में मुख्य आरोपी गौतम खट्टर को गिरफ्तार कर लिया। अपराध शाखा की एक टीम जल्द ही उन्हें हिरासत में लेकर गोवा लाएगी।’’
गोवा की एक अदालत ने इससे पहले खट्टर के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था, जिनके खिलाफ पिछले सप्ताह सेंट जेवियर पर अभद्र टिप्पणी से विवाद खड़ा होने के बाद मामला दर्ज किया गया था।
गोवा पुलिस पिछले शनिवार (18 अप्रैल) से खट्टर की तलाश कर रही थी, जब पणजी में उनके खिलाफ ‘धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने’ का मामला दर्ज किया गया था। बुधवार को पुलिस ने इसी मामले में उनके भाई माधव को उत्तराखंड से गिरफ्तार किया था।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बृहस्पतिवार को कहा था कि खट्टर को दो दिन में गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा किए गए वादे के अनुरूप सरकार ने मामले में त्वरित कार्रवाई की है।
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव
यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.