scorecardresearch
Sunday, 8 February, 2026
होमदेशगौरव गोगोई 2013 में पाकिस्तान गए थे, ‘किसी प्रकार का प्रशिक्षण’ प्राप्त करने का संदेह : हिमंत का आरोप

गौरव गोगोई 2013 में पाकिस्तान गए थे, ‘किसी प्रकार का प्रशिक्षण’ प्राप्त करने का संदेह : हिमंत का आरोप

Text Size:

गुवाहाटी, आठ फरवरी (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने रविवार को कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई पर अधिकारियों को सूचित किए बिना 2013 में गोपनीय ढंग से पाकिस्तान जाने का आरोप लगाया और संदेह जताया कि उन्होंने वहां ‘‘किसी प्रकार का प्रशिक्षण’’ प्राप्त किया था।

राज्य में प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यहां संवाददाता सम्मेलन में शर्मा ने कांग्रेस नेता की पत्नी एलिजाबेथ पर देश की एक कंपनी में काम करते हुए भारत के बारे में जानकारी एकत्र करने और उसे पाकिस्तान भेजने का भी आरोप लगाया।

असम के मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वह दो भारतीय संगठनों में काम करते हुए नौ बार पाकिस्तान भी जा चुकी हैं।

असम सरकार ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख द्वारा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोगोई और उनकी पत्नी के साथ मिलकर कथित तौर पर भारत विरोधी साजिश रचने की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) भी गठित किया था।

एसआईटी ने 10 सितंबर को अपनी रिपोर्ट शर्मा को सौंपी, जिनके पास गृह विभाग का भी प्रभार है। मुख्यमंत्री ने गोगोई के खिलाफ अपने आरोपों के समर्थन में सबूत पेश करने के लिए शुरू में 10 सितंबर की ही तारीख तय की थी।

शर्मा ने कहा, ‘‘हमारा मानना ​​है कि गौरव, उनकी पत्नी और अली तौकीर शेख के बीच गहरा संबंध है। हम केंद्रीय एजेंसी द्वारा जांच की सिफारिश करते हैं।’’

उन्होंने दावा किया कि एक पाकिस्तानी कंपनी ने एलिजाबेथ को नौकरी दी और फिर उनका भारत में तबादला कर दिया जबकि उनका वेतन शेख देता था।

शर्मा और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तान की जासूसी एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर हमला करती रही है।

असम मंत्रिमंडल ने शनिवार को गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों के मामले को गृह मंत्रालय को सौंपने का फैसला किया था।

भाषा गोला देवेंद्र

देवेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments