scorecardresearch
Saturday, 11 April, 2026
होमदेशफरीदाबाद में गैंगस्टर बल्लू पहलवान की गोली मारकर हत्या

फरीदाबाद में गैंगस्टर बल्लू पहलवान की गोली मारकर हत्या

Text Size:

फरीदाबाद, 31 जनवरी (भाषा) दिल्ली के गैंगस्टर बल्लू पहलवान की यहां एक कार में सवार होकर आए हथियारबंद बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, बल्लू जब जिम से लौट रहा था तो उसकी मोटरसाइकिल को रोककर बदमाशों ने उसे 20 गोलियां मारीं।

पुलिस ने बताया कि यह गैंगवार का मामला प्रतीत हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हमलावर गैंगस्टर पर लगभग ‘दो मिनट’ तक गोलियां बरसाते रहे।

पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार शाम करीब साढ़े छह बजे फरीदाबाद सेक्टर 11 में हुई।

पुलिस के मुताबिक, बल्लू इलाके में वाईएमसीए यूनिवर्सिटी के पास एक रिश्तेदार के साथ रह रहा था।

बल्लू पहलवान पर हत्या समेत कई मामले दर्ज थे। घटना की सूचना पाकर पुलिस आयुक्त राकेश आर्य, पुलिस उपायुक्त राजेश दुग्गल, सहायक पुलिस आयुक्त (क्राइम) अमन यादव और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूत जुटाए हैं।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हत्या दो समूहों के बीच चल रही गैंगवार का हिस्सा थी।

पुलिस ने बताया कि गैंगस्टर की पत्नी रज्जो देवी की शिकायत के बाद बुधवार को सेक्टर आठ थाने में भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या), 34 (सामान्य इरादा) और शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। फरीदाबाद पुलिस के प्रवक्ता सूबे सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

भाषा जितेंद्र

जितेंद्र

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments