scorecardresearch
Thursday, 30 April, 2026
होमदेशअसम में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, पुलिस ने चलाई गोली

असम में सामूहिक दुष्कर्म के आरोपी ने हिरासत से भागने की कोशिश की, पुलिस ने चलाई गोली

Text Size:

कोकराझार (असम), 26 मई (भाषा) असम के कोकराझार जिले में एक लड़की से सामूहिक दुष्कर्म में कथित संलिप्तता के लिए गिरफ्तार किए गए एक व्यक्ति को उस वक्त गोली मारी गयी जब उसने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश की। एक अधिकारी ने बताया कि गोली लगने से आरोपी घायल हो गया है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एस एस पानेसर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया था, जिसने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर सोमवार रात को लड़की के साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया था और पुलिस उसे उस स्थान पर लेकर जा रही थी, जहां उसने मोबाइल फोन छिपा रखा था, जिससे उसने दुष्कर्म का वीडियो बनाया था।

उन्होंने बताया कि जब वे धोलमारा रानीपुर टी गार्डन के पास पहुंचे तो आरोपी उस जगह को दिखाते हुए अचानक मुड़ा और एक पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्तौल छीन ली तथा पुलिस दल पर गोली चलाने की कोशिश की। एक अन्य पुलिस अधिकारी ने स्थिति को काबू में करने के लिए आरोपी पर तत्काल गोली चलायी जो उसे दाएं पैर में लगी।

एएसपी ने बताया कि आरोपी को इलाज के लिए कोकराझार सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कोकराझार पुलिस थाने में 16 वर्षीय लड़की के पिता ने प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि तीन युवकों ने धोलमारा गांव में सोमवार रात को उनकी बेटी से तब दुष्कर्म किया जब वह किराने की दुकान से लौट रही थी।

पुलिस ने शुरुआत में दो लोगों को गिरफ्तार किया और अगले दिन तीसरे आरोपी को भी गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता तथा बाल यौन अपराध संरक्षण (पोक्सो) कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।

भाषा

गोला शोभना

शोभना

यह खबर ‘भाषा’ न्यूज़ एजेंसी से ‘ऑटो-फीड’ द्वारा ली गई है. इसके कंटेंट के लिए दिप्रिंट जिम्मेदार नहीं है.

share & View comments